मनचलों से बचने के लिये ग्रामीणों ने सरकारी पुलिया पर चलवाया बुलडोजर
मनचलों से बचने के लिये ग्रामीणों ने सरकारी पुलिया पर चलवाया बुलडोजर  
उत्तर-प्रदेश

मनचलों से बचने के लिये ग्रामीणों ने सरकारी पुलिया पर चलवाया बुलडोजर

Raftaar Desk - P2

-गांव की बहन बेटियों को सरकारी पुलिया में बैठकर मनचले करते थे परेशान -घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, पुलिया तोडऩे का कारण जान वापस लौटी हमीरपुर, 30 सितम्बर (हि.स.)। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम विदोखर मेदनी में सड़क के किनारे बस्ती के सामने नाले पर बनी सरकारी पुलिया को जेसीबी मशीन से इसलिए तुड़वा दिया गया क्योकि उसमे रोमियो बैठते थे घरों में रहने वाली लड़कियों को बुरी नियति से घूरते थे छींटाकशी करते थे। वहां से निकलने वाली लड़कियों को भी परेशान करते थे। सड़क के किनारे नाले में बनी सरकारी पुलिया मनचलों का अड्डा बन गयी थी सुबह हो या शाम पुलिया में मनचले युवक बैठते थे और लड़कियों को घूरते रहते थे अभद्र प्रदर्शन करते थे। लोग परेशान थे। वहां से गुजरने वाली लड़कियां भी परेशान थी। मनचलों से आजिज आकर लोगों ने न रहेगा बांस और न बजेगी बांसुरी की भांति सरकारी पुलिया को ही तुड़वा दिया ताकि पुलिया की पट्टियों में जब कोई बैठ ही नहीं पाएगा तो समस्या ही खत्म हो जाएगी। हुआ भी यही कि जबसे पुलिया टूटी है तब से बालिकाएं और उनके अभिभावक सकून से हैं। ग्रामीणों के द्वारा यह पुलिया जेसीबी मशीन से तुड़वायी गयी है जिसमे उन्हे मशीन का किराया भी देना पड़ा है। लोग बताते हैं कि पुलिया बहुत मजबूत थी। एक दशक पूर्व इसे सरकारी बजट से बनवाया गया था। पुलिया को तोड़ देने की जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस मौके पर गयी किन्तु जब पुलिया तोड़ने का कारण पता चला तो पुलिस भी शांत होकर बैठ गयी। कुल मिलाकर लोग जगह जगह मनचलों से परेशान हैं। जो लोग विवाद नहीं कर सकते वे नए नए तरीके निकाल लेते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित-hindusthansamachar.in