भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या के केस के दो राजफाश, लोग असमंजस
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या के केस के दो राजफाश, लोग असमंजस 
उत्तर-प्रदेश

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या के केस के दो राजफाश, लोग असमंजस

Raftaar Desk - P2

बड़ौत, 25 अगस्त (हि.स.)। बागपत जिले के छपरौली थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या के केस के दो राजफाश होने से लोग असमंजस की स्थिति में हैं। लोग पुलिस के राजफाशों पर सवाल भी उठा रहे हैं। इस संबंध में मंगलवार को मेरठ आइजी प्रवीण कुमार ने कहा कि केस की एसआइटी जांच कर रही है। इस मामले में निर्दोष जेल में नहीं रहेंगे। पुलिस ने पहले तीन नामजद आरोपित मयंक डालर, नितिन धनकड़ व अंकुश शर्मा को गिरफ्तार कर केस का राजफाश किया था कि दो साल पूर्व हुए झगड़े की रंजिश में आरोपितों ने घटना को अंजाम दिया है। वहीं केस का दूसरा राजफाश पुलिस ने सोमवार को छपरौली नगर पंचायत की पूर्व चेयरपर्सन सुशीला खोखर के बेटे श्रवण खोखर व देवर संजीव खोखर समेत चार को गिरफ्तार कर किया। पुलिस का दावा है कि चेयरमैन की कुर्सी की खातिर श्रवण व संजीव ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। साथ ही घटना की एक वजह संजीव को करीब चार साल पूर्व झगड़े के मामले में छपरौली थाने के लॉकअप में बंद कराना भी बनी है। उल्लेखनीय है कि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की गत 11 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर मॉर्निंग वॉक के समय खेत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बेटे मनीष खोखर ने चार लोगों को नामजद व दो-तीन अज्ञात के खिलाफ छपरौली थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। हिन्दुस्थान समाचार/ गौरव साहनी-hindusthansamachar.in