प्रियंका बोलीं उप्र में एमएसपी से कम पर अपना धान बेचने को मजबूर हैं किसान
प्रियंका बोलीं उप्र में एमएसपी से कम पर अपना धान बेचने को मजबूर हैं किसान 
उत्तर-प्रदेश

प्रियंका बोलीं उप्र में एमएसपी से कम पर अपना धान बेचने को मजबूर हैं किसान

Raftaar Desk - P2

उप्र सरकार के मुताबिक अब तक 1,54,256.62 मीट्रिक टन धान खरीद, पिछले वर्ष से ज्यादा हुआ क्रय लखनऊ, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने धान खरीद में किसानों को कम दाम मिलने का आरोप लगाते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट किया कि भाजपा सरकार किसानों का हक मारने वाले बिलों पर सरकारी खाट सम्मेलन तो कर रही है। लेकिन, किसानों का दर्द नहीं सुन रही। उत्तर प्रदेश में लगभग सभी जगहों पर किसान अपना धान 1868 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी से 800 रुपये कम 1000-1100 रुपये प्रति क्विंटल पर बेचने को मजबूर हैं। ऐसा तब है जब एमएसपी की गारंटी है। प्रियंका ने ट्वीट के साथ एक वीडियो टैग किया है, जिसमें लखीमपुर खीरी की मोहम्मदी मण्डी का एक किसान प्रशासन पर कम दाम को लेकर आरोप लगा रहा है। वहीं राज्य के अपर मुख्य सचिव, सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं धान खरीद की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने इस सम्बन्ध में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों के धान की खरीद समय से हो तथा उन्हें धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य अवश्य मिले। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सम्बधित जिलाधिकारी की यह जिम्मेदारी होगी कि वह किसानों को धान खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य अवश्य मिले। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाये जाने पर इस कार्य में लगे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में वर्तमान में 4,000 धान क्रय केन्द्र स्थापित है। अब तक 1,54,256.62 मीट्रिक टन धान की खरीद सुनिश्चित की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि में धान की खरीद 21,542.59 मीट्रिक टन की गयी थी। इस तरह इस बार अभी तक 132714.03 मीट्रिक टन अधिक धान खरीद की जा चुकी है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in