गैंगस्टर अधिनियम के अन्तर्गत 351.69 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति कुर्क: अवनीश अवस्थी
गैंगस्टर अधिनियम के अन्तर्गत 351.69 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति कुर्क: अवनीश अवस्थी 
उत्तर-प्रदेश

गैंगस्टर अधिनियम के अन्तर्गत 351.69 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति कुर्क: अवनीश अवस्थी

Raftaar Desk - P2

-18,744 जोखिम क्षेत्रों में 49,000 कोरोना संक्रमित मरीज लखनऊ, 27 सितम्बर (हि.स.)। कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे प्रदेश में गैंगस्टर के खिलाफ अभियान जारी है। अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने रविवार को बताया कि राज्य में अब तक गैंगस्टर एक्ट के तहत 3,160 गैंग चार्ट को विभिन्न जिलाधिकारियों ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि न्यायालयों में भी गैंगस्टर चार्ट को भेजा जा रहा है तथा वहां पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अभी तक 1,405 मामलें में कोर्ट में आरोप पत्र भेजे गए हैं। इनमें से 463 मामलों को कोर्ट ने सुनवाई के लिए स्वीकृत कर दिया है। अन्य की प्रक्रिया भी जारी है। इसके साथ-साथ गैंगस्टर अधिनियम के अन्तर्गत माफियाओं की अवैध सम्पत्ति कुर्क करने का काम किया जा रहा है। पिछले सप्ताह तक 757 ऐसे मामले लिए गए हैं। इन मामलों में 351.69 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति कुर्क की गई है। प्रत्येक सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्तर पर भी इसकी समीक्षा की जाती है। अपर मुख्य सचिव, गृह ने बताया कि इसके साथ ही प्रदेश के 18,744 जोखिम क्षेत्रों के 1,198 थानान्तर्गत, 13,38,000 मकानों के 74,50,000 लोगों को चिह्नित किया गया है। इन जोखिम क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 49,000 है। इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन किए गए लोगों की संख्या 31,687 है। इसके साथ ही धारा-188 के तहत 2,30,403 एफआईआर दर्ज करते हुए 4,34,781 लोगों को नामजद किया गया है। प्रदेश में अब तक सघन चेकिंग में 74,365 वाहन सीज किए गए। चेकिंग अभियान के दौरान 86.17 करोड़ का शमन शुल्क वसूल किया गया। आवश्यक सेवाओं के लिए कुल 4.40 लाख से अधिक वाहनों के परमिट जारी किए गए हैं। कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले लोगों के खिलाफ 930 एफआईआर दर्ज करते हुए 448 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं प्रदेश में फेक न्यूज के तहत अब तक 2640 मामलों को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की गई है। पिछले चौबीस घंटे में 03 मामले आये हैं। फेक न्यूज को लेकर अब तक 105 एफआईआर दर्ज की गई हैं। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/ रामानुज-hindusthansamachar.in