Uproar over congressional march, 48 activists including district president arrested
Uproar over congressional march, 48 activists including district president arrested 
उत्तर-प्रदेश

कांग्रेस की पदयात्रा को लेकर हंगामा, जिलाध्यक्ष समेत 48 कार्यकर्ता गिरफ्तार

Raftaar Desk - P2

- महिला थाने के सामने कांग्रेस की पदयात्रा रोकने पर पुलिस से धक्का-मुक्की, थाना परिसर में हुई नारेबाजी हमीरपुर, 29 दिसम्बर (हि.स.)। कांग्रेस के स्थापना दिवस और किसान बिलों के विरोध में मंगलवार को यहां हमीरपुर शहर स्थित शहीद पार्क से कांग्रेस ने जैसे ही संदेश पदयात्रा निकाली तो कुछ ही कदम चलने के बाद कई थानों की पुलिस ने कांग्रेसियों को महिला थाने के सामने सड़क पर रोक लिया। इससे सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने पदयात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर महिला थाना परिसर में बंद कर दिया। पुलिस और कांग्रेसियों में धक्कामुक्की भी हुयी। थाना परिसर में ही सरकार विरोधी नारेबाजी की गयी। पुलिस ने 48 लोगों को गिरफ्तार कर तीन घंटे बाद निजी मुचलके पर रिहा किया है। पार्टी की जिलाध्यक्ष ने तीन सौ कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी होने का दावा किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में मंगलवार को शहीद पार्क से किसान बचाओ, गाय बचाओ पदयात्रा निकाली जानी थी। यात्रा शहर से सुमेरपुर तक जानी थी। जिलाध्यक्ष नीलम निषाद ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष लखनऊ पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। जिसके चलते दोपहर करीब साढ़े बजे उन्होंने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शहीद पार्क से जैसे ही पदयात्रा निकालना शुरू किया। तभी कई थानों की पुलिस ने शहीद पार्क से महज बीस कदम पर स्थित महिला थाने के सामने पुलिस के वाहनों को मुख्य मार्ग पर आड़ा तिरछा खड़ा मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। कांग्रेसियों का जुलूस महिला थाने के सामने पहुंचा। तभी पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई। महिला थाना परिसर में घुसते ही कुछ कांग्रेसी जमीन पर लेट कर सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। इसके बाद पदयात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार थाना परिसर में बंद कर गेट बंद कर दिया गया। कांग्रेसियों ने करीब आधे घंटे तक थाना कार्यालय के सामने भाषणबाजी भी की। इस दौरान पूर्व विधायक जगदीश नारायण शर्मा, केशवबाबू शिवहरे, विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष रहे प्रदीप माथुर, प्रदेश महामंत्री विश्वविजय, संजयवीर सिंह लोधी, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, देवेंद्रमोहन चौबे, हरदीपक निषाद, डा शाहिद, शफकतउल्ला खां व अन्य मौजूद रहे। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि 48 कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्हे तीन घंटे बाद निजी मुचलके पर छोड़ा गया। उधर, जिलाध्यक्ष ने कहा कि तीन सौ कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी देने का दावा किया है। गाय मां की अस्थि कलश लेकर चल रही थी जिलाध्यक्ष पदयात्रा में जिलाध्यक्ष नीलम निषाद सिर में कलश रखकर चल रही थी। उनसे पूछने पर इस कलश पर क्या है। उन्होंने बताया कि कलश में गाय मां की अस्थियां है। जिन्हे प्रयागराज संगम में प्रवाहित की जाएंगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार जहां किसानों का उत्पीड़न कर रही है। वहीं गाय का भी संरक्षण नहीं कर पा रही है। कहा कि, आज का प्रदर्शन उनका शांतिपूर्वक था। मगर पुलिस ने जबरन रोक पदयात्रा नहीं निकलने दी। जो लोकतंत्र की हत्या है। हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज/-hindusthansamachar.in