up-chief-minister-yogi-will-inaugurate-the-24th-39hunar-haat39-on-saturday-at-awadh-shilpgram
up-chief-minister-yogi-will-inaugurate-the-24th-39hunar-haat39-on-saturday-at-awadh-shilpgram 
उत्तर-प्रदेश

उप्र : मुख्यमंत्री योगी अवध शिल्पग्राम में 24वें 'हुनर हाट' का शनिवार को करेंगे शुभारम्भ

Raftaar Desk - P2

-हुनर हाट सज-धजकर पूरी तरह तैयार, वोकल फॉर लोकल और ओडीओपी को बड़ा फलक देगा आयोजन: नकवी -15 दिवसीय आयोजन में उप्र समेत कई राज्यों के शिल्पकार करेंगे अपनी कौशल का प्रदर्शन लखनऊ, 22 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अल्पसंख्यक मामलों के केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की मौजूदगी में सुबह दस बजे अवध शिल्पग्राम में 15 दिवसीय 24वें 'हुनर हाट' का उद्घाटन करेंगे। आगामी 04 फरवरी तक चलने वाला यह हुनर हाट वोकल फॉर लोकल की थीम पर आधारित होगा। इसमें कई प्रदेशों के कलाकार अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। केन्द्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि लखनऊ शिल्प ग्राम में हुनर हाट सज-धजकर पूरी तरह तैयार है। यह आयोजन वोकल फॉर लोकल और ओडीओपी को बड़ा फलक देगा। वोकल फॉर लोकल हुनर हाट में उत्तर प्रदेश के शिल्प सहित गुजरात की अजरख, जम्मू कश्मीर की पश्मीना शाल, झारखंड की तुसार सिल्क, असम की ड्राई फ्लॉवर्स, आंध्र प्रदेश की पोचमपल्ली इक्कत, बिहार की मधुबनी पेंटिंग्स, कर्नाटक में बनने वाले लकड़ी के खिलौने, मणिपुर के कलाकारों के हस्तनिर्मित खिलौने मुख्य आकर्षण के केंद्र रहेंगे। इस हुनर हाट में इनके अतिरिक्त अन्य कई राज्यों के दस्तकार-शिल्पकार भी अपनी कला को प्रदर्शित करेंगे। देश के कोने-कोने के स्वदेशी दुर्लभ उत्पाद और लजीज पकवान इसमें उपलब्ध होंगे। इसके अलावा नामचीन कलाकारों द्वारा हर रोज सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे। हुनर हाट में अनेकता में एकता की संस्कृति का जीता जागता उदाहरण पेश करने का काम किया जाएगा। केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित किए जा रहे हुनरहाट में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, मणिपुर, नागालैण्ड, झारखंड, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड, लद्दाख, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल, बिहार, आन्ध्रप्रदेश के कलाकार अपने राज्यों की संस्कृति एवं विभिन्न उत्पादों को भी प्रदर्शित करेंगे। अवध शिल्पग्राम में विभिन्न राज्यों के शिल्पकारों, दस्तकारों के शानदार स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी में बिक्री की भी सुविधा होगी। यह प्रदर्शनी पूर्वाह्न 11 बजे से रात 10ः00 बजे तक आमजन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/दीपक-hindusthansamachar.in