Trust released pictures of important information related to construction of Ram temple
Trust released pictures of important information related to construction of Ram temple 
उत्तर-प्रदेश

ट्रस्ट ने जारी किया राम मंदिर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के चित्र

Raftaar Desk - P2

अयोध्या, 29 दिसम्बर (हि.स.)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्री राम मंदिर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का चित्र सोशल मीडिया पर वायरल किया है। अब मकर संक्रांति से देश के करोड़ों घरों में विहिप और संघ कार्यकर्ता भगवान राम के दिव्य मन्दिर का चित्र भी पहुंच जाएंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र व्यापक जनसम्पर्क और सहयोग अभियान प्रारम्भ करने जा रहा है। इस अभियान में जनमानस को साहित्य के माध्यम से श्री रामजन्मभूमि अभियान के ऐतिहासिक महत्व से भी अवगत करवाया जाएगा। यह अभियान 45 दिन चलकर माघ मास की पूर्णिमा को समाप्त होगा। ट्रस्ट के महामंत्री एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप )उपाध्यक्ष चम्पत राय के फेसबुक अकाउंट से श्रीराम मंदिर के भौगोलिक प्रारूप का चित्र जारी किया गया है। राम भक्तों को श्रीराम जन्मभूमि परम भव्य मंदिर के निर्माण का ब्यौरा चम्पत राय के फेसबुक अकाउंट से जारी किया गया है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस समय दिल्ली में चम्पत राय राममंदिर निर्माण समिति की बैठक में हैं। श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान के साथ ट्रस्ट इस अभियान में जनमानस को साहित्य के माध्यम से श्री रामजन्मभूमि अभियान के ऐतिहासिक महत्व से भी अवगत कराएगा। घर-घर अभियान में रामभक्तों द्वारा मंदिर निर्माण हेतु स्वैच्छिक रूप से दिया गया आर्थिक सहयोग भी स्वीकार किया जाएगा। ट्रस्ट में आर्थिक सहयोग के लिए 10, 100 और 1,000 रुपये के कूपन और करोड़ों घरों में भगवान के दिव्य मन्दिर का चित्र भी पहुंचा ये जाने की योजना बनाई गई है। ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि देश भर में चलने वाला यह अभियान मकर संक्रांति के पावन पर्व से प्रारम्भ होकर माघ पूर्णिमा तक चलेगा। ट्रस्ट ने श्रीराम भक्तों से यह आह्वान किया है कि ऐतिहासिक अभियान हेतु अपना समय समर्पित करें। हिन्दुस्थान समाचार/पवन/दीपक-hindusthansamachar.in