लखनऊ, 02 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के लखनऊ में नया निवास बनाने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गुरुवार को कहा कि इस पर वह कुछ नहीं कह सकते। इसकी घोषणा उनके निर्णय लेने के बाद ही की जाएगी। दरअसल, नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित आवास को वापस लेने के नोटिस दिए जाने के बाद इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका गांधी राजधानी लखनऊ में नया आशियाना बनाएंगी। वह कुछ समय पहले दिवंगत हुईं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शीला कौल के गोखले मार्ग स्थित आवास पर रहेंगी। यह अब उनका स्थायी पता होगा। लॉकडाउन से पहले जब भी प्रियंका वाड्रा का लखनऊ जाना हुआ, वे वहीं रूकी हैं। कई बैठकें भी इस स्थान पर कर चुकी हैं। कहा जा रहा है कि प्रियंका जुलाई में यहां आ जाएंगी। हालांकि प्रियंका वाड्रा की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। वहीं उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर पार्टी के लोग इस आवास को कांग्रेस की राजनीति का अहम केन्द्र होने से इनकार भी नहीं कर रहे हैं। प्रियंका प्रदेश की प्रभारी भी हैं और राज्य की सियासत को लेकर बेहद सक्रिय हैं और प्रवासी कामगारों से लेकर कोरोना इलाज व्यवस्था, लोगों को रोजगार आदि विषयों पर सरकार पर लगातार हमलावर तेवर अपनाए हुए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह इस आवास से पार्टी की गतिविधियों को और मजबूती देने का काम करेंगी, जिससे चुनाव में कांग्रेस को फायदा मिल सके। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि जब प्रियंका गांधी एक मजबूत आवाज बनकर मुद्दे उठा रहीं हैं और केन्द्र सरकार के खिलाफ हर मोर्चे पर जनता की आवाज बनी हुई हैं, तब उन्हें परेशान करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें घर खाली करने का नोटिस दिया गया है। इस नोटिस से अगर वो समझते है प्रियंका जी की आवाज बंद हो जायेगी तो वो भूल कर रहे हैं। गौरतलब है कि आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से प्रियंका वाड्रा को 35 लोधी रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने के लिए आगामी 1 अगस्त तक की मोहलत दी गई है। बंगला खाली कराने के पीछे एसपीजी सुरक्षा व्यवस्था हटाए जाने को वजह बताया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/राजेश-hindusthansamachar.in