pond-municipal-corporation-someone-else-is-fighting
pond-municipal-corporation-someone-else-is-fighting 
उत्तर-प्रदेश

तालाब नगर निगम का, लड़ाई कोई और लड़ रहा

Raftaar Desk - P2

अधिवक्ता बोले विधिक लड़ाई लड़े नगर निगम, नहीं तो हो सकता है नुकसान वाराणसी, 03 मार्च (हि.स.)। वाराणसी के कई तालाबों को पाटकर भू-माफियाओं ने वर्षों पहले विशाल अट्टालिकाएं खड़ी कर दी हैं। इसे देखने के बावजूद तालाबों को बचाने की ठोस पहल नहीं हुई। अब रविन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित मौजा भदैनी स्थित कुरूक्षेत्र तालाब पर भी कुछ भू-माफियाओं की नजर है। तालाब के किनारे अतिक्रमण भी हो रहा है। ये हाल तब है जब तालाब नगर निगम के संपत्ति रजिस्टर में उसके सम्पत्ति के तौर पर दर्ज है। तालाब को बचाने के लिए बुधवार को अधिवक्ताओं का एक दल बनारस बार के पूर्व महामंत्री अधिवक्ता नित्यानंद राय के नेतृत्व में नगर निगम पहुंचा। नगर आयुक्त के गैर मौजूदगी में दल ने एक प्रत्यावेदन उनके कार्यलय मे दिया। अधिवक्ता नित्यानंद राय ने बताया कि प्रत्यावेदन में कुरुक्षेत्र तालाब मामले में नगर निगम को अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। साथ ही तालाब पर से अवैध अतिक्रमण हटाये जाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पर्यटन विभाग ने अपनी बुकलेट में नक्शे सहित इसको दिखाया है। वाराणसी गजेटियर और जेम्स प्रिंसेप के नक्शे में भी तालाब को दर्शाया गया है। नगर निगम मुख्यालय के मुख्य गेट पर स्थित तालाबों की सूची में भी ये तालाब है। लेकिन आश्चर्य की बात ये है कि दो निजी व्यक्ति इस तालाब के मुकदमें के स्वामित्व की लड़ाई अदालत में लड़ रहे है। जबकि ये सम्पत्ति नगर निगम की है। नगर निगम इस मुकदमें मे पक्षकार होते हुये भी अपना पक्ष नही रख रहा। इससे नगर निगम की ये सम्पत्ति किसी निजी व्यक्ति के हाथ में जाने की संभावना उठ खङी हुयी है। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त से मांग किया गया है कि नगर निगम का विधि विभाग अपना पक्ष अदालत में मजबूती से रखे। तत्काल तालाब के अगल बगल से अतिक्रमण हटाया जाये। तालाब की नियमित सफाई हो। दल में अधिवक्ता मिलिन्द श्रीवास्तव,कृष्णकुमार दीक्षित, सुर्य कुमार गौंङ, विनोद कुमार सिंह, राजीव सिन्हा, विकास कुमार सिंह, जयश्री आदि शामिल रहे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/दीपक