pandava-mound-of-hastinapur-will-become-the-center-of-attraction-prahlad-patel
pandava-mound-of-hastinapur-will-become-the-center-of-attraction-prahlad-patel 
उत्तर-प्रदेश

आकर्षण का केंद्र बनेगा हस्तिनापुर का पांडव टीला : प्रह्लाद पटेल

Raftaar Desk - P2

मेरठ, 25 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को हस्तिनापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने बड़े जैन मंदिर और जम्बूद्वीप स्थित माता मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने जैन समाज के कार्यक्रम में अर्हम् दर्शनम् का शिलान्यास किया। पर्यटन मंत्री ने कहा कि हस्तिनापुर के पांडव टीले को भव्य रूप प्रदान किया जाएगा। हस्तिनापुर को आईकोनिक साईट के रूप में विकसित किया जाएगा और यहां विश्व स्तर के मानकों के अनुरूप कार्य कराए जाएंगे। हस्तिनापुर को एक पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को हस्तिनापुर पहुंच यहां के ऐतिहासिक स्थलों का जायजा लिया। सबसे पहले हस्तिनापुर में बड़े जैन मंदिर व जम्बूद्वीप स्थित माता मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने पांडव टीले के नाम से प्रसिऋ रघुनाथजी टीले का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पांडव टीले का भव्य स्वरूप होगा तथा यह एक आकर्षण का केन्द्र बनेगा। पर्यटन मंत्री ने पांडव टीले पर स्थित अमृत कूप को भी देखा और अर्हम् दर्शनम का शिलान्यास व भूमि पूजन किया। केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि पिछले वर्ष के बजट में हस्तिनापुर सहित देश की पांच साईट को आईकोनिक साईट के रूप में विकसित करने के लिए प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इन पांच साईटों में हस्तिनापुर, राखीगढ़ी हरियाणा, शिवासागर असम, धोलावीरा गुजरात, आदिचेल्लनूर तमिलनाडु है। उन्होंने बताया कि इन सभी साइट पर म्यूजियम बनाए जाएंगे। इनका विश्व स्तर के पैरामीटर्स के अनुरूप कायाकल्प होगा। उन्होंने कहा कि यह पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित होंगे। इस अवसर पर सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, जिलाधिकारी के. बालाजी, उप जिलाधिकारी मवाना सौम्या गुरूरानी, अधीक्षण पुरातत्वविद डी गणनायक आदि मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/दीपक