only-a-saint-can-play-better-responsibility-for-worldly-plans-dr-rajnarayan
only-a-saint-can-play-better-responsibility-for-worldly-plans-dr-rajnarayan 
उत्तर-प्रदेश

एक संत ही निभा सकता है सांसारिक योजनाओं की बेहतर जिम्मेदारी : डा. राजनारायण

Raftaar Desk - P2

झांसी, 19 मार्च(हि.स.)। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके मुख्य अतिथि उप्र के भाषा विज्ञान के अध्यक्ष डा. राज नारायण शुक्ल रहे। उन्होंने बताया कि जब कोई योगी व संत सांसारिक योजनाओं की जिम्मेदारी लेता है तो उन्हें बेहतर निभा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि आज हम योगी सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर यहां उपस्थित हुए। पहले भारत सोने की चिड़िया थी। हमें 10वीं में पढ़ाया गया था कि विकास योजनाओं पर सवाल मत उठाओ। आज गाया जाता है कि सोने का सूरज उग्यो आंगन में। आप मोटी किताबों में लिख सकते हैं लेकिन यदि फीलिंग नहीं आती है तो हम क्या करें। कहाकि आज 4 साल बाद यूपी में चतुर्मुखी विकास दिखाई दे रहा है। जनता के बीच जाकर पूछते हैं कि अबकी बार किसकी सरकार, तो जनता कहती है कि योगी सरकार। आज विकास कार्य दिख रहा है। यूपी को विकास के पंख लग रहे हैं। सपनों को संजोने का समय आ गया है। पहले भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी के चलते कोई भी कंपनी आने को तैयार नहीं होती थी। आज युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्हें कौशल विकास के माध्यम से तैयार करते हुए स्वावलंबी बनाने का कार्य किया गया है। गांवों में पढ़े लिखे लोग आकर बड़े काम कर रहे हैं। ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। अब युवा नौकरी के पीछे नहीं भाग रहे। स्वयं के उद्योग सृजित कर रहे। श्री शुक्ल ने कहा कि आज आशाओं से लेकर महिलाओं के स्वयं सहायता समूह संचालित हो रहे। युवाओं से लेकर किसानों तक को सीधा लाभ दिया जा रहा है। पहले भी कार्य होते थे। शिलालेख लगा दिए जाते थे, बताया जाता था कि काम चल रहा है। नहरें 10 वर्ष तक बनती थी। आज भाजपा समय से पहले काम मांग रही है। उदाहरण के तौर पर 5-5 एक्सप्रेसवे आपके सामने हैं। जल्द ही सभी आपके उपयोग में आने लगेंगे। कहाकि माफियाओं व अपराधियों को कुचलना पिछली सरकारों में एक दिवास्वप्न था। आज ये अपराधी यूपी छोड़कर भाग रहे हैं या मारे जा रहे हैं। विपक्ष के पास मुद्दा नहीं है। वे पेट्रोल की कीमतों पर सवाल खड़ा करते हैं। पर जनता को विस्वास है कि पेट्रोल की बढ़ी कीमतों के पैसा पाई पाई विकास में लगता है। इसलिए आज जनता आंदोलन में कोई सहयोग नहीं करती। पहले या तो मंत्री की जेब भरती थी या फिर स्विट्जरलैंड के बैंक। आज पूरा पैसा विकास में लगाकर चीन की सीमा पर सड़कें बनाई जा रही है। सरकार ने किसान भाइयों से कहा कि आप हमारे अन्नदाता हैं। तीनों बिलों को दो वर्ष चलाकर देख लो, यदि किसान विरोधी बिल हुए तो समाप्त कर दिए जाएंगे। देश विरोधी ताकतों ने इस जबरिया आंदोलन को अपनी आन-मान-शान की लड़ाई बना लिया है। उन्हें मालूम है कि यदि हम कुछ न कर सके तो 40 साल तक कहीं नहीं टिक सकेंगे। कुछ सरकारों की चिंता पोंटी चड्डा की फाइल के लिए होती थी। भाषा व साहित्य उनके लिए समय बर्बाद करने वाली वस्तुएं थी। किन्तु आज ये विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास हैं। वे स्वयं इसकी चिंता करते हैं। जो लोग हमें भ्रमित करते हैं उनके बहकावे में न आएं। सरकार से रूबरू होकर स्वयं आकलन करें कि विकास हुआ या नहीं। इससे पूर्व कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह, मेयर रामतीर्थ सिंघल, जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा, सदर विधायक रवि शर्मा,बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा,गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, मऊरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्य,मंडलायुक्त आदि ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अपने सम्बोधन में सभी ने चार वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों का खूब गुणगान किया। हिन्दुस्थान समाचार/महेश