Mayawati
Mayawati  Raftaar.in
लखनऊ

Lok Sabha Election: मायावती के उत्तराधिकारी आकाश आनन्द देंगे चुनाव में BSP को आनन्द? क्या है मायावती की रणनीति

लखनऊ, हि.स.। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी कर रही बसपा अपने बड़े चेहरों सतीश चन्द्र मिश्रा, आकाश आनन्द को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में है। बसपा के रणनीतिकार जमीनी स्तर पर चुनावी योजना बना रही है।

लोकसभा चुनाव की जोर शोर से तैयारी

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में आजकल लोकसभा चुनाव की जोर शोर से तैयारी हो रही है। जिसमें पार्टी के बड़े नेताओं के लिए सुरक्षित लोकसभा सीटें तलाशी जा रही है। कभी बसपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के नाम से पहचाने जाने वाली अकबरपुर लोकसभा सीट से सतीश चन्द्र मिश्रा का नाम चर्चा में आ रहा है। बिजनौर लोकसभा सीट से आकाश आनन्द को चुनाव लड़ाने की चर्चाएं जोर शोर से है।

मायावती अपनी जीती हुई सीट को फिर से जीतने की तैयारी में

अकबरपुर लोकसभा सीट से सन् 1998, सन् 1999 और सन् 2004 के लोकसभा चुनाव में बसपा अध्यक्ष मायावती ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 2 बार से भाजपा के प्रत्याशी यहां से जीत रहे हैं। ऐसे में मायावती अपने जीती हुई सीट को फिर से जीतने के लिए बसपा के बड़े रणनीतिकार और राजनीतिज्ञ सतीश चन्द्र मिश्रा पर दांव लगाना चाहती है। इसके लिए अकबरपुर लोकसभा सीट के तमाम बसपा कार्यकर्ताओं के बीच बैठकें भी शुरु हो गई है।

बिजनौर लोकसभा सीट आकाश आनन्द बन सकते हैं उम्मीदवार

मायावती ने आकाश आनन्द को अपना उत्तराधिकारी बनाने के बाद उनका कद बढ़ा है। आकाश के लिए सुरक्षित लोकसभा सीट को तलाशते हुए बिजनौर लोकसभा सीट पर नजरें रुकी है। बिजनौर लोकसभा सीट पर बसपा के समर्पित कार्यकर्ता मलूक जीते थे। इस सीट से आकाश आनन्द को लोकसभा उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

पश्चिम उत्तर प्रदेश में बसपा कार्यकर्ता का अच्छा प्रदर्शन रहा

ज्ञातव्य हो कि बीते लोकसभा चुनाव के बाद बसपा के हाथ में उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटें लगी थी। जिसमें पश्चिम उत्तर प्रदेश में बसपा कार्यकर्ता का अच्छा प्रदर्शन रहा था। बाद में विधानसभा चुनाव, नगर निकाय चुनाव में बसपा ने पश्चिम क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं के भरोसे बसपा फिर से वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव में उतरेगी, जो चुनौती पूर्ण चुनाव होने की सम्भावना है।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in