intensified-campaign-in-collectorate-for-mask-checking
intensified-campaign-in-collectorate-for-mask-checking 
उत्तर-प्रदेश

मास्क चेकिंग के लिए कलक्ट्रेट में चला सघन अभियान

Raftaar Desk - P2

मेरठ, 08 अप्रैल (हि. स.)। मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार के आदेश पर मास्क चेकिंग अभियान तेजी से चल रहा है। गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने अभियान की कमान संभालते हुए कलक्ट्रेट में चेकिंग की। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बिना मास्क लगाए कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों को अंदर नहीं आने दिया गया। मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने मेरठ सहित अन्य तमाम जिलों में कोरोना के प्रकोप को देखते हुए तीन दिनों तक मास्क चेकिंग का अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। जिसके चलते जिले की पुलिस लगातार बाजारों में अभियान चलाकर कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई में जुटी है। गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस फोर्स के साथ कलक्ट्रेट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों ने कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर ही लोगों की चेकिंग शुरू कर दी। उन्होंने बिना मास्क पहने कलक्ट्रेट में दाखिल होने वाले लोगों को भीतर एंट्री देने से इनकार कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए कोविड गाइडलाइन का पालन ना करने वाले वकीलों तक को कलक्ट्रेट में एंट्री नहीं दी। जिसके चलते काफी देर तक अफरातफरी के हालात भी बने रहे। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए मास्क लगाने और कोविड के लिए निर्धारित सभी गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि फिलहाल लोगों को समझाते हुए जागरूक किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर कोविड गाइडलाइन का पालन ना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप