Farmers in Baghpat extracted agricultural laws
Farmers in Baghpat extracted agricultural laws 
उत्तर-प्रदेश

बागपत में किसानों ने कृषि कानूनों की निकाली अर्थी

Raftaar Desk - P2

बागपत, 29 दिसम्बर (हि.स.)। कृषि कानूनों के खिलाफ बड़ौत में मंगलवार को किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसानों ने कृषि कानूनों की अर्थी निकाली। बड़ौत में नेशनल हाईवे पर किसानों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। किसानों की पंचायत की अध्यक्षता दरियाव सिंह व संचालन विक्रम सिंह आर्य ने किया। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पदाधिकारियों ने भी धरने को अपना समर्थन दिया। पंचायत में लिए गए निर्णय के बाद तीन कृषि कानूनों की धरनास्थल से अर्थी निकाली गई। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि सिंघु बॉर्डर पर बैठे किसान जो निर्णय लेंगे, वे उसी पर अपना आंदोलन आगे बढ़ाएंगे। बडौत में किसानों के चल रहे धरने को लेकर बुधवार को होने वाली महापंचायत को स्थगित कर दिया गया है। थाम्बा खाप के चैधरी ब्रजपाल सिंह का कहना था कि दिल्ली में धरने पर बैठे किसानों की अहम बैठक होने जा रही है। इसलिए महापंचायत को स्थगित किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/गौरव साहनी-hindusthansamachar.in