factories-running-in-residential-area-people-put-up-posters-of-migration
factories-running-in-residential-area-people-put-up-posters-of-migration 
उत्तर-प्रदेश

रिहायशी इलाके में चल रही फैक्ट्रियां, लोगों ने लगाए पलायन के पोस्टर

Raftaar Desk - P2

मेरठ, 16 मार्च (हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूरजकुंड पर रहने वाले कुछ क्षेत्रवासियों ने अपने घरों के बाहर पलायन के पोस्टर लगा दिए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कुछ लोगों ने अपने पुराने मकानों को फैक्ट्री में तब्दील कर दिया है। जिसके चलते उनका दिन का सुकून और रातों की नींद हराम हो गई है। लिहाजा वह अपने पुरखों द्वारा बनवाए गए आशियाने को बेचने पर मजबूर हो गए हैं। सूरजकुंड पर शकुंतला जूनियर हाईस्कूल के निकट रहने वाले कुछ लोगों ने अपने घरों के बाहर पलायन के पोस्टर लगाए हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यहां रहने वाले कई लोग अब शहर की पॉश कॉलोनियों में शिफ्ट हो गए हैं। लेकिन उन्होंने अपने मकानों में स्पोट्र्स फैक्ट्री लगा ली हैं। जिसके चलते इन फैक्ट्रियों में आए दिन बाहरी लोगों की आवाजाही बनी रहती है। फैक्ट्रियों में काम करने वाली लेबर और वहां आने वाले लोगों के वाहन पूरी सड़क पर जाम लगा देते हैं। जिससे यहां के लोगों को अपने वाहन घर से काफी दूर छोड़ने पड़ते हैं। इन फैक्ट्रियों में आने वाले असामाजिक तत्व आए दिन क्षेत्र में कई तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। जिसके चलते लोग अपने ही घरों में सुरक्षित नहीं हैं। क्षेत्र के लोगों ने अपने घरों के बाहर पलायन के पोस्टर लगाते हुए इलाके को छोड़ने का ऐलान कर दिया है। पुलिस इस पूरे प्रकरण से अनभिज्ञता जता रही है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/दीपक