defense-minister-rajnath-unveiled-the-statue-of-the-martyr-major-mohit-sharma
defense-minister-rajnath-unveiled-the-statue-of-the-martyr-major-mohit-sharma 
उत्तर-प्रदेश

रक्षामंत्री राजनाथ ने शहीद मेजर मोहित शर्मा की मूर्ति का अनावरण किया

Raftaar Desk - P2

गाजियाबाद, 24 मार्च(हि.स.)। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को ट्रांस हिंडन क्षेत्र के राजेंद्र नगर में शहीद मेजर मोहित शर्मा की मूर्ति का अनावरण किया। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हम शहीदों की बलिदान की बदौलत ही खुली हवा में चैन की सांस ले रहे हैं। देश पर शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह भी इस मौके पर बतौर अतिथि उपस्थित थे। आपको बता दें कि 21मार्च 2009 को कुपवाड़ा में मेजर मोहित शर्मा ने अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान किया। विशिष्ट वीरता, प्रेरक नेतृत्व और कर्तव्य की पुकार से परे असाधारण साहसी कार्य के लिए, उनको (मरणोपरांत) 26 जनवरी 2010 को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मेजर मोहित शर्मा के अदम्य साहस और वीरता की चर्चा करते हुए कहा कि इनके जैसे जांबाज़ के कारण ही यह देश सुरक्षित है व उनके शौर्य को यह देश कभी नहीं भूलेगा। साथ ही कहा कि हमारा दायित्व मेजर मोहित शर्मा जैसे सभी वीर बलिदानीयों के परिजनों की सामान्य समस्याओं के निवारण में सदैव सहयोगी बनें। इस अवसर पर जनरल वीके सिंह ने भी उनके अदम्य साहस की चर्चा करते हुए उनके साथ बिताए गए कई अनुभव भी साझा किए। उन्होंने यह भी कहा कि मैं यह सोचा भी नहीं था कि एक दिन उस क्षेत्र का सांसद बनूंगा, जहां से यह जाबांज था। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मेजर मोहित शर्मा के परिवार से उनके माता सुशीला शर्मा, पिता राजेन्द्र प्रताप शर्मा, दादा दयानंद शर्मा व उनके बड़े भाई मधुर शर्मा भी उपस्थित थे। इस मौके पर कार्यक्रम में महापौर आशा शर्मा, विधायक सुनील शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य अशोक बेरी, प्रान्त सम्पर्क प्रमुख विजय गोयल, प्रान्त सह-संपर्क प्रमुख वेदपाल, तपन के साथ अन्य पदाधिकारी, उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/फरमान अली