Bua kidnaps Prince to take revenge, recovered
Bua kidnaps Prince to take revenge, recovered 
उत्तर-प्रदेश

बदला लेने के लिए बुआ ने किया था प्रिंस का अपहरण, बरामद

Raftaar Desk - P2

मेरठ, 09 जनवरी (हि.स.)। टीपी नगर पुलिस ने महज 24 घंटे में मासूम के अपहरण का खुलासा करते हुए अपहृत बच्चे को बरामद कर लिया। बच्चे के अपहरण किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी बुआ ने किया था। पुलिस ने बुआ सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार करते हुए अपहरण की इस घटना का सनसनीखेज खुलासा भी किया है। देवलोक कॉलोनी निवासी ई-रिक्शा चालक निक्की के 10 वर्षीय बेटे प्रिंस को शुक्रवार दोपहर दो महिलाओं ने घर से बाहर खेलते समय अगवा कर लिया था। शुरुआती दौर में परिवार के लोग क्षेत्र में सर्वे के लिए आई दो महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों पर बच्चे के अपहरण का आरोप लगा रहे थे। लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले को अलग बता रही थी। एसओ टीपी नगर विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि बच्चे की तलाश में लगातार जुटी पुलिस की टीम ने मासूम प्रिंस को शनिवार दोपहर शास्त्री नगर से बरामद कर लिया। बच्चे का अपहरण करने वाली उसकी सगी बुआ सरिता है। सरिता ने ही अपनी सहेली पूजा के साथ मिलकर अपने भतीजे प्रिंस का अपहरण किया था। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्चे को बाइक पर बैठा कर ले जाने वाले महिलाओं के साथी युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सरिता मासूम प्रिंस के पिता निक्की की सगी बहन है। लगभग तीन साल पहले सरिता का अपने पति से तलाक हुआ था। उस समय सरिता के खराब चालचलन के कारण निक्की और परिवार के अन्य लोगों ने सरिता के बच्चे को उसके पति के सुपुर्द कर दिया था। जिसके चलते सरिता अपने भाई से रंजिश रखने लगी थी। इसीलिए उसने प्रिंस को अगवा किया। यदि पुलिस प्रिंस को बरामद नहीं करती तो अपहरणकर्ता मासूम की हत्या करने वाले थे। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/दीपक-hindusthansamachar.in