bjp-specializing-in-diverting-public-attention-from-basic-issues-akhilesh
bjp-specializing-in-diverting-public-attention-from-basic-issues-akhilesh 
उत्तर-प्रदेश

बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने में भाजपा को विशेषज्ञता : अखिलेश

Raftaar Desk - P2

लखनऊ, 08 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जनहित के बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने और उन्हें गुमराह करने में भाजपा को विशेषज्ञता प्राप्त है। उन्होंने सोमवार को कहा कि देशभर में किसान आन्दोलित और आक्रोशित हैं। वे लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी दो ही मांगे हैं, एक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की अनिवार्यता हो और दूसरी तीनों काले कृषि कानून वापस लिए जाएं। तीन महीने से भाजपा सरकार इस पर टालमटोल कर रही है। सबसे दुःखद बात यह है कि भाजपा सरकार किसानों के इस आंदोलन को आतंकवादी, खालिस्तानी विशेषणों से नवाज रही है जिससे किसान क्षुब्ध हैं। उनके आंदोलन पर अब देश से बाहर भी टिप्पणियां हो रही हैं। दुनिया के लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि भारत में लोकतंत्र के रहते किसानों की यह उपेक्षा क्यों हो रही है? अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी वैश्विक छवि के प्रति बहुत सचेत रहते हैं। लेकिन, किसानों के मामले में उन्हें देश की वैश्विक छवि खराब होने की भी चिंता नहीं है। अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए वे कृषि कानूनों के मुद्दे को लगातार लम्बा खींचना चाहेंगे ताकि किसान पस्त हों, पर ऐसा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार की मंशा उत्तर प्रदेश के चुनावों तक कृषि कानूनों के मुद्दे को जिन्दा रखने की है ताकि वह विपक्ष पर लांछन लगाने की अपनी रणनीति में सफल हो सके। लेकिन, जनता और किसानों का मन इस बार दूसरा है। वे भाजपा की साजिशों को समझ गए हैं और भाजपा को हटा के, हरा के ही दम लेंगे। किसान इस समय अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। इस लड़ाई में अब तक सैकड़ों किसान अपनी जान भी गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार के एजेण्डा में देश के आर्थिक और सामाजिक विकास की कोई ठोस संकल्पना ही नहीं है। जनता को भ्रमित करने में ही भाजपा दिन रात लगी रहती है। देश में लोकतंत्र को सर्वाधिक क्षति भाजपा के आचरण से मिल रही है। नतीजा विश्वस्तर पर देश की छवि बिगड़ी है, लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होता है। असहिष्णुता संविधान की मूलभावना के विरोध में है। अन्नदाता की मांग की उपेक्षा करना अमानवीय भी है। इससे सरकार की संवेदनहीनता उजागर होती है। समाजवादी पार्टी किसानों के हर आंदोलन के समर्थन में है। कोई भी कानून देश की जनता के हितों से बढ़कर नहीं हो सकता है। भाजपा को अपनी हठधर्मिता छोड़कर किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/दीपक-hindusthansamachar.in