bjp-mla-rages-on-government-system-rebuked
bjp-mla-rages-on-government-system-rebuked 
उत्तर-प्रदेश

सरकारी सिस्टम पर भड़के भाजपा विधायक, लगाईं फटकार

Raftaar Desk - P2

-कहा पीएम आवास के नाम पर कर्मचारी खूब कर रहे धन उगाही कौशाम्बी, 24 मई (हि.स.)। सिस्टम से अब आम आदमी नहीं, ख़ास आदमी भी हैरान और परेशान नजर आने लगा है। सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थियो को रकम दिए जाने की अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए डूडा कर्मचारियों को भाजपा विधायक ने फटकार लगाईं। आरोप है डूडा विभाग के कर्मचारी और सर्वेयर मिलकर पीएम आवास के लाभार्थियों से पहली, दूसरी और तीसरी किश्त की रकम देने के नाम पर जनता से अवैध वसूली कर रहे हैं। सोमवार को करीब तीन बजे विधानसभा चायल भाजपा विधायक संजय गुप्ता लाव-लश्कर के साथ विकास भवन के डूडा दफ्तर पहुंचे। विधायक अंदर पहुंचते ही कर्मचारियों पर बरस पड़े। तेज आवाज़ में डांट फटकार की आवाज़ से दफ्तर के बाहर लोगों का मजमा लग गया। विधायक का आरोप है कि नगर पालिका परिषद भरवारी की डेढ़ दर्जन महिलाओं ने उनसे शिकायत किया कि पीएम आवास के नाम पर किस्तों में रुपये भेजने के नाम पर अवैध वसूली कर्मचारियों द्वारा की जा रही है। इसके लिए उन्होंने बाकायदा विभाग के एक सर्वेयर का नाम भी उजागर किया। प्रधानमंत्री आवास की स्थिति पर नज़र डालें तो शहरी क्षेत्र में कुल स्वीकृत आवास 12 हजार 755 है। जिसमें 10 हजार 699 आवास पात्र लाभार्थियों के हैं। जबकि 2 हजार 56 आवास अपात्र लोगों के बताये जा रहे हैं। जिनमें आवास की पहली किश्त 6 हजार 822 को, दूसरी किश्त 5 हजार 165 एवं तीसरी किश्त 3 हजार 417 लाभार्थियों की दी जा चुकी है। पिछले चार वर्ष के आकड़ों में 2017-18 में 4 हजार 262 आवास स्वीकृत हुए। जिसमें 2 हजार 889 पात्र और 1 हजार 373 अपात्र मिले। 2018-19 में 1 हजार 286 आवास स्वीकृत हुए। जिसमें 1 हजार 229 पात्र और 57 अपात्र मिले। साल 2019-20 में 3 हजार 647 आवास स्वीकृत हुए। जिसमे 3 हजार 647 पात्र मिले। 2020-21 में 3 हजार 560 आवास स्वीकृत हुए। जिसमें 3 हजार 560 लाभार्थी पात्र पाए गए। सीडीओ शशि कांत त्रिपाठी ने बताया, विधायक चायल संजय गुप्ता ने उनके समक्ष प्रकरण को दिया है। आरोप बेहद गम्भीर है। विभाग से अलग टीम गठित कर प्रकरण की जांच कराया जायेगा। दोषी पाये जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/अजय/विद्या कान्त