bjp-discusses-cabinet-reorganization-to-divert-attention-from-corona---akhilesh
bjp-discusses-cabinet-reorganization-to-divert-attention-from-corona---akhilesh 
उत्तर-प्रदेश

कोरोना से ध्यान भटकाने को भाजपा ने छेड़ी मंत्रिमंडल पुनर्गठन की चर्चा - अखिलेश

Raftaar Desk - P2

लखनऊ, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार योगी सरकार पर हमलावर हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति का हवाला देते हुए शुक्रवार को कहा कि कोरोना से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ने मंत्रिमंडल पुनर्गठन की चर्चा छेड़ दी है। अखिलेश ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से जनता त्रस्त है। भाजपा सरकार की हर मोर्चे पर विफलता से लोगों में भारी आक्रोश है। जनता के बीच गिरती साख से भाजपा और संघ के माथे पर चिंता की रेखाएं स्पष्ट दिखने लगी है। कोरोना-फंगस और मंहगाई के संकट से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अब राज्य मंत्रिमंडल के पुनर्गठन की चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि निर्विवाद रूप से प्रदेश में कोरोना से उपजी त्रासदी की जिम्मेदार भाजपा सरकार है। समाजवादी सरकार में निर्मित अस्पताल और ट्रामा सेंटर को शुरू करने में मुख्यमंत्री जी ने कोई रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने प्रदेश में जहां भी दौरा किया, वे सभी अस्पताल समाजवादी सरकार में बने थे। श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी कहीं ऐसे अस्पताल का भी दौरा कर लेते जो बीते चार वर्ष में भाजपा सरकार ने बनाया हो। पिछले कोरोना काल के कटु अनुभव से प्रदेश सरकार ने कोई सबक नहीं सीखा है। अखिलेश ने कहा भाजपा को वैक्सीनेशन के मामले में पारदर्शिता रखनी चाहिए। सरकार सबको दिवाली तक वैक्सीन की सुविधा देने का लक्ष्य कैसे पूरा करेगी, जबकि इसकी रफ्तार बहुत सुस्त है। झांसा देकर समय बिताना जनता के साथ छल है। हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/विद्या कान्त