हैरिटेज में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय, ग्रेटर में भी भाजपा पार्षद हमारे सम्पर्क में- खाचरियावास
हैरिटेज में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय, ग्रेटर में भी भाजपा पार्षद हमारे सम्पर्क में- खाचरियावास 
राजस्थान

हैरिटेज में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय, ग्रेटर में भी भाजपा पार्षद हमारे सम्पर्क में- खाचरियावास

Raftaar Desk - P2

जयपुर, 06 नवम्बर(हि.स.)। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि हैरिटेज नगर निगम चुनाव में आठ निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बनना तय है। इसी तरह ग्रेटर नगर निगम में भाजपा के कई पार्षद और निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस पार्टी को समर्थन का भरोसा दिया है। खाचरियावास ने शुक्रवार को कहा कि हैरिटेज में तो बोर्ड बनेगा ही, लेकिन ग्रेटर में भी कांग्रेस का बोर्ड बनने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के पार्षदों में तोडफोड का कोई प्रयास नहीं कर रहे हैं और ना ही करेगें, लेकिन अन्तर्रात्मा की आवाज पर भाजपा के जो पार्षद ग्रेटर में कांग्रेस पार्टी का समर्थन करेगें, उनका सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस पार्षद 10 नवम्बर तक जयबाग होटल में रहेंगे, मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव तक सभी पार्षद एक साथ रहकर वोट करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा ने राज्य की चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने का षडयंत्र किया था, उस भाजपा पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा के चुने हुये विधायकों की कोई पूछ नहीं है, जिन विधायकों को जनता ने वोट देकर चुनकर भेजा, ना तो वो जनता की पसंद का पार्षद बना सकते हैं और ना ही मेयर बना सकते हैं। जो विधायक मेयर और पार्षद जन भावनाओं के अनुरूप नहीं चुन सकते और भाजपा के गुलाम बनकर काम कर रहे है वो विधायक जनता का भला नहीं कर सकते। खाचरियावास ने कहा कि भाजपा के यह विधायक बड़ी-बड़ी बातें करते हैं वो जनता का भला नहीं कर सकते, क्योंकि उनकी राय के बिना पार्षद और मेयर चुने जाते हैं। इसलिये स्पष्ट है कि भाजपा ने जिनको चुनकर भेजा है, उनका पार्टी में कोई नियंत्रण नहीं है। हिन्दुस्थान समाचार/संदीप / ईश्वर-hindusthansamachar.in