जोधपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव के प्रथम चरण में जोधपुर उत्तर में 29 अक्टूबर को होने वाले पहले चरण के मतदान के चलते मंगलवार को प्रचार थम गया। अब प्रत्याशी घर-घर दस्तक देंगे। इससे पहले भोंपू प्रचार का आज अंतिम दिन होने के कारण अधिकांश प्रत्याशियों ने रोड शो किया और कोरोना गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई। रोड शो और प्रचार अभियान में भारी भीड़ उमड़ी जिस कारण यहां सोशल डिस्टेंङ्क्षसग भी नहीं रखी गई। जोधपुर उत्तर नगर निगम में 29 अक्टूबर को होने वाले पहले चरण के मतदान के चलते आज प्रचार का आखिरी दिन था। इसके लिए आज कई स्थानों पर रोड शो के जरिए प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी ताकत दिखाई। रोड शो में दुपहिया और चौपहिया वाहनों को भी शामिल किया गया। अधिकांश वार्डों में पैदल ही रोड शो निकाला गया। भाजपा-कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी समर्थकों के साथ रोड शो किया। भोंपू प्रचार का समय समाप्त होने के बाद प्रत्याशी अब केवल डोर टू डोर जनसपंर्क कर सकेंगे। प्रत्याशियों के रैली निकालने पर पाबंदी रहेगी। वहीं आज प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस व भाजपा के बड़े नेता भी नजर आए। भाजपा-कांग्रेस के विधायकों के साथ ही पार्टी के आला नेता भी रोड शो में मौजूद रहे। शहरी सरकार के लिए 608 प्रत्याशी मैदान में : सूर्यनगरी में शहरी सरकार के चुनाव में 608 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 160-160 प्रत्याशी भाजपा-कांग्रेस के हैं। शेष 288 प्रत्याशी अन्य संगठन व निर्दलीय है। नगर निगम उत्तर के 80 वार्ड में 296 प्रत्याशी मैदान में है। इसमें 3.88 लाख मतदाता 624 मतदान केन्द्रों पर मतदान करेंगे। नगर निगम चुनाव में पहली बार बने उत्तर व दक्षिण निगम में कुल मिलाकर 1165 बूथ होंगे। यहीं से होकर प्रत्याशियों की जीत-हार का रास्ता और शहर की सरकार तय होगी। ऐसे में इन बूथों का महत्व देखते हुए दो दिन तक प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से समीक्षा करने के बाद इन बूथों की श्रेणी का निर्धारण किया है। 250 से ज्यादा ऐसे बूथ शामिल हैं जो संवेदनशील व अतिसंवेदनशील श्रेणी में आते हैं। इन संवेदनशील बूथ पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। उत्तरी निगम में पहलेे चरण में मतदान 29 को : प्रथम चरण में 29 अक्टूबर को होने वाले उत्तर निगम के चुनाव में 150 से ज्यादा इन्हीं दोनों श्रेणी के बूथ बनाए गए हैं। इसके अनुसार ही पुलिस के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इन बूथों पर फर्जी मतदान के साथ कानून व्यवस्था की स्थिति बिगडऩे की आशंका रहती है। मतदान के दौरान इन बूथों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इस श्रेणी के मतदान केंद्रों की सूची सोमवार को जारी की जाएगी। दो चरणों में मतदान होने के कारण यहां पर पुलिस जाब्ता भी ज्यादा तैनात किया जाएगा। 11 दस्तावेज मान्य होंगे: नगर निगम चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने वोटर कार्ड सहित 11 सरकारी दस्तावेज मान्य किए हैं। इसमें नरेगा जॉब कार्ड का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। इन दस्तावेजों के बिना वोट देना संभव नहीं होगा। साथ ही बूथों पर सोशल डिस्टेंसिंग के लिए की व्यवस्था की जाएगी। बिना मास्क बूथ के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। मास्क लगाकर आने वाले को ही वोट देने के लिए जाने दिया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर-hindusthansamachar.in