मारवाड़ में मानसून सुस्त: घने बादलों के बीच सूर्यदेव की लुकाछिपी
मारवाड़ में मानसून सुस्त: घने बादलों के बीच सूर्यदेव की लुकाछिपी 
राजस्थान

मारवाड़ में मानसून सुस्त: घने बादलों के बीच सूर्यदेव की लुकाछिपी

Raftaar Desk - P2

जोधपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। भाद्रपक्ष के शुक्ल पक्ष में अब मानसून की चाल मारवाड़ में सुस्त बनी है। मारवाड़ में इस बार पर्याप्त बारिश नहीं होने से फसलों को बड़ा नुकसान होने का भी अंदेशा जताया जा रहा है। रविवार को जोधपुर और इसके आस पास के इलाकों में सुबह से ही घने बादल छाए हुए है। मगर वे बसरने के लिए तरसा रहे है। उमस बराबर बनी है। सूर्यदेव की बादलों के बीच लुकाछिपी चल रही है। बारिश के इंतजार में लोग आसमां में नजर गड़ाए बैठे है। मौसम विभाग ने शनिवार से लेकर सोमवार तक मारवाड़ में अच्छी बारिश की संभावना भी व्यक्त की है। पूर्व बंगाल की खाड़ी से बन रहा कम दबाव के क्षेत्र से मारवाड़ में अच्छी बारिश हो सकती है। मगर बादलों के घने होने के बावजूद बारिश नहीं हो पा रही। इधर हवा की गति भी बनी है। जिससे बादलों में ठहराव भी नहीं बन पा रहा। शहर में रविवार को तापमान 33 डिग्री तक बना रहा। उमस के बीच हल्की गर्मी का अहसास बना हुआ है। भाद्रपक्ष में अमूमन मारवाड़ में अच्छी बारिश होती आई है। सावन सूखा निकलने के बाद मारवाड़ में हर बार भाद्रपक्ष में अच्छी बारिश हुई है। मगर इसका आधा पक्ष निकल गया है और मारवाड़ में पर्याप्त बारिश नहीं होने से फसलों को नुकसान होने की भी पूरी आशंका बनी है। खेतों में खड़ी फलसें पानी को तरस रही है। कई खेतों में निदान का कार्य चल रहा है तो कईयों की फसलें पूरी तरह परिपक्व नहीं होने से उनके जलने की आशंका भी है। खेतों में मूंग मोठ बाजार की फसलें को बारिश के पानी के इंतजार है। कम बारिश से इस बार पेयजल के लिए संकट की स्थिति बन सकती है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश-hindusthansamachar.in