तिरंगे के रंग में रंगा उदयपुर का यह घर बन गया है सेल्फी पाॅइंट
तिरंगे के रंग में रंगा उदयपुर का यह घर बन गया है सेल्फी पाॅइंट  
राजस्थान

तिरंगे के रंग में रंगा उदयपुर का यह घर बन गया है सेल्फी पाॅइंट

Raftaar Desk - P2

उदयपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। देशवासियों के तन-मन में तिरंगा बसा है, लेकिन उदयपुर में एक बुजुर्ग दम्पती ऐसे हैं जिन्होंने अपने तन-मन के साथ घर को भी तिरंगे में रंग दिया है। इस बार वे तिरंगी दीपावली मना रहे हैं। तिरंगे में रंगे उनके घर को देखने के लिए आसपड़ोस के लोेग तो आ ही रहे हैं, उधर से गुजरने वाले अनजान लोग भी घर के बाहर खड़े होकर सेल्फी लेने से नहीं चूक रहे हैं। तिरंगे में रंगा यह घर उदयपुर शहर से सलूम्बर जाने वाले मार्ग पर तीतरड़ी में स्थित है। बुजुर्ग दम्पती का कहना है कि वे दो माह पहले से ही थोड़ा-थोड़ा करके वे इस रूप को सजा रहे थे। होमगार्ड रह चुके देवीलाल साहू सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहते हैं कि लोगों के मन में देशभक्ति की भावना और मजबूत हो, इसी के मद्देनजर उन्होंने ऐसा रंग करने का सोचा। वे होमगार्ड भी रह चुके हैं इसलिए तिरंगे को वर्दी में सैल्यूट करने का सौभाग्य और तिरंगे के नीचे परेड करने का सौभाग्य भी उन्हें कई बार मिला है। पहले भी उन्होंने घर में इसी तरह तिरंगा रंग किया था, लेकिन वह फीका पड़ गया। इस बार फिर से उन्होंने और उनकी पत्नी ने मिलकर रंग भरे। दस साल पहले सेवानिवृत्त हुए देवीलाल ने यही कामना व्यक्त की कि हर देशवासी तिरंगे को आत्मसात करें। बुजुर्ग श्रीमती लक्ष्मी देवी ने बताया कि 2 महीने में हम दोनों ने सुबह जल्दी उठकर घर में छोटी-मोटी मरम्मत की और धीरे-धीरे रंग करते गए। धनतेरस से एक दिन पहले ही काम पूरा हुआ। तिरंगे के रंग पर उन्होंने कहा कि यह अपने देश का रंग है। जो भी हो, इन बुजुर्ग के घर के बाहर एक पेड़ भी है, उसके तने को भी उन्होंने तिरंगे से रंगा है। पशुधन के लिए पौ भी बनी हुई है, उसे भी उन्होंने रंगा है। आते-जाते हर व्यक्ति के लिए यह घर आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल / ईश्वर-hindusthansamachar.in