जयपुर हैरिटेज में 55 पार्षद हमारे साथ, कांग्रेस का बनेगा बोर्ड : खाचरियावास
जयपुर हैरिटेज में 55 पार्षद हमारे साथ, कांग्रेस का बनेगा बोर्ड : खाचरियावास 
राजस्थान

जयपुर हैरिटेज में 55 पार्षद हमारे साथ, कांग्रेस का बनेगा बोर्ड : खाचरियावास

Raftaar Desk - P2

जयपुर, 04 नवम्बर (हि.स.)। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि हैरिटेज नगर निगम में बहुमत के लिए हमें चार पार्षदों की जरूरत थी, लेकिन हमें आठ से ज्यादा निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिल गया है। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस के पास 55 पार्षद हैं। सब निर्दलीय पार्षदों का सहयोग करेंगे, उनका सम्मान और उनके वार्डों में काम करना हमारी जिम्मेदारी है। हम जयपुर हैरिटेज में बोर्ड बनाएंगे। खाचरियावास गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें हैरिटेज नगर निगम में पूर्ण बहुमत का भरोसा था लेकिन पूर्ण बहुमत में से चार सीटें कम मिली। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में हैरिटेज में नगर निगम बोर्ड बनाने जा रही है। हमने जो वादे जयपुर की जनता से किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए वे खुद सभी वार्डों में जन अदालत लगाएंगे। खाचरियावास ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता स्वच्छ, सुन्दर जयपुर और प्रत्येक कॉलोनी का आधारभूत विकास करना है। उन्होंने कहा कि 10 नवम्बर को वोटिंग होने पर कांग्रेस के सभी पार्षद एक साथ कैम्प में रहेंगे। यहां पार्षदों को नगर निगम की प्रक्रिया और कांग्रेस की रीति-नीति से अवगत कराया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर-hindusthansamachar.in