चुनाव के साथ नैतिक रूप से भी हार चुकी है कांग्रेस, भाजपा का बनेगा जिला परिषद बोर्ड : कैलाश चौधरी
चुनाव के साथ नैतिक रूप से भी हार चुकी है कांग्रेस, भाजपा का बनेगा जिला परिषद बोर्ड : कैलाश चौधरी 
राजस्थान

चुनाव के साथ नैतिक रूप से भी हार चुकी है कांग्रेस, भाजपा का बनेगा जिला परिषद बोर्ड : कैलाश चौधरी

Raftaar Desk - P2

बाड़मेर-जैसलमेर, 09 दिसम्बर (हि.स.)।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने राजस्थान सहित अपने संसदीय क्षेत्र बाड़मेर जैसलमेर में भाजपा प्रत्याशियों को जीत की शुभकामनाएं देते हुए मतदाताओं का भाजपा में विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। चौधरी ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की जीत केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किये गए विकास कार्यों व नीतियों की जीत है और यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि दो साल पहले विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने जो वादे किये थे उन वादों पर कांग्रेस खरी नही उतरी। प्रदेश की जनता में कांग्रेस के कुशासन का आक्रोश था। उसी का परिणाम रहा कि पूरे प्रदेश सहित बाड़मेर जैसलमेर की जनता ने पंचायती राज चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अधिकाधिक प्रत्याशियों को विजयी बनाया। चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं उनके द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान किए गए कठोर परिश्रम की मैं सराहना करता हूं। कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान मोदी सरकार की नीतियों एवं कार्यो से जनता को अवगत कराया तथा प्रदेश सरकार की नाकामियों को भी जनता के समक्ष रखा, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा कायम रखा। मै सभी विजयी उम्मीदवारों तथा कार्यकर्ताओं को बधाई व शुभकामनाएं देता हूं तथा राजस्थान और संसदीय क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। चौधरी ने कहा कि पंचायती राज चुनाव में राजस्थान और विशेषकर संसदीय क्षेत्र बाड़मेर-जैसलमेर की जनता ने गहलोत सरकार के नेतृत्व में कांग्रेस के कुशासन से परेशान होकर भाजपा के सुशासन संकल्प और ग्रामीण विकास के वादे पर पूरा विश्वास जताया है। आजादी के बाद पहली बार बाड़मेर में जिला परिषद चुनाव में जीत और जैसलमेर में जीत की दहलीज तक पहुंची है। वहीं सभी पंचायत समितियों में भी भारतीय जनता पार्टी को जनता ने अभूतपूर्व समर्थन दिया है। कांग्रेस चुनाव के साथ नैतिक रूप से हार गई : केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि इन चुनावों में राज्य की कांग्रेस सरकार और उनके नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों को तार-तार करते हुए छल-कपट और षड्यंत्र रचते हुए भाजपा को हराने की हरसंभव कोशिश की है। कांग्रेस नेता सत्ता का दुरुपयोग करते हुए प्रशासन पर दबाव डालकर भाजपा के जीते हुए उम्मीदवारों की दुबारा मतगणना करवाते हुए उनकी हार घोषित करवाने से भी बाज नहीं आए। इस तरह कई जगह पर कांग्रेस जीतकर भी नैतिक रूप से हार चुकी है। हिन्दुस्थान समाचार/ ईश्वर/संदीप-hindusthansamachar.in