जेपी नड्डा
जेपी नड्डा 
राजस्थान

Crime News: राजस्थान में महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने के मुद्दे पर बोले नड्डा- सूबे में कानून व्यवस्था ध्वस्त

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। राजस्थान में प्रतापगढ़ जिले के धरियावाद थाना क्षेत्र के गांव एक गांव में महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने की घटना समने आने के बाद से गहलोत सरकार की खुब निंदा हो रही है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर हमला बोला है।

राजस्थान में शासन व्यवस्था पूरी तरह से नदारद- जेपी नड्डा

नड्डा ने घटना की निंदा करते हुए एक्स पर कहा कि राजस्थान के प्रतापगढ़ का वीडियो चौंकाने वाला है। इससे भी बुरी बात यह है कि राजस्थान में शासन व्यवस्था पूरी तरह से नदारद है। मुख्यमंत्री और मंत्री गुटीय झगड़ों को निपटाने में व्यस्त हैं, और बचा हुआ समय दिल्ली में एक राजवंश को खुश करने में व्यतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि राज्य में महिला सुरक्षा के मुद्दे को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। आए दिन महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की कोई न कोई घटना सामने आती रहती है। राजस्थान की जनता राज्य सरकार को सबक सिखाएगी।

राजस्थान महिला आयोग ने लिया संज्ञान

गौरतलब है कि वायरल वीडियो का राजस्थान महिला आयोग ने संज्ञान मेंं लिया है। राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष रेहाना रियाज ने कहा हमने प्रशासनिक अधिकारियों से बात की है। 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। महिला आयोग मामले की रोजाना मॉनिटरिंग करेगा। उन्होंने कहा हम कड़ी कार्रवाई करेंगे ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने की हिम्मत ना कर सके।

उल्लेखनीय है कि महिला के ससुराल वालों ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया और उसे अपने गांव ले गए, जहां उसे पीटा गया और निर्वस्त्र कर घुमाया गया।