various-programs-will-be-held-on-sunday-on-national-science-day
various-programs-will-be-held-on-sunday-on-national-science-day 
राजस्थान

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर रविवार को होंगे विभिन्न कार्यक्रम

Raftaar Desk - P2

जयपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर 28 फरवरी को प्रदेश में विभिन्न विज्ञान विषयक एवं रुचिकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की शासन सचिव मुग्धा सिन्हा ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा जवाहर कला केन्द्र, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान आधारित लघु फिल्मों का वर्चुअल प्रदर्शन किया जाएगा। यहां प्रदर्शित होने वाली प्रमुख फिल्मों ‘‘इंडिया नीड्स न्यूक्लियर पॉवर’’ (हिन्दी) एवं ‘‘नॉन-पॉवर एप्लीकेशन’’ को गूगल लिंक https://bit.ly/2P63Uuw पर निःशुल्क देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि आमजन में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता लाने की दृष्टि से यहां शास्त्री नगर स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केन्द्र एवं विज्ञान उद्यान परिसर में आमजन के लिए आईआईटी मुंबई के प्रोफेसर चेतन सिंह सोलंकी की ओर से सोलर बस का प्रदर्शन किया जाएगा। इसी दिन सुबह साढ़े दस बजे चौपहिया वाहन चलाना सीखने के लिए सिम्यूलेटर का लोकार्पण किया जाएगा। विज्ञान उद्यान में स्थित ट्रेफिक पार्क में आम दर्शक निःशुल्क चौपहिया वाहन चलाना सिम्यूलेटर पर सीख सकेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रकाश की किरणों को किसी तरल माध्यम से गुजारने पर उनके फोटोन कणों में होने वाले बदलाव का गहन अध्ययन करने के लिये चन्द्रशेखर वेंकटरमण को वर्ष 1930 का भौतिकी का नोबल पुरस्कार दिया गया था। उनके इस शोध से प्रकाश को समझने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई। उनका शोध दुनियाभर में ‘‘रमण प्रभाव’’ के नाम से मशहूर है। सीवी रमन ने इसकी खोज 28 फरवरी को की थी। पूरे देश में इसी दिन को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है। हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ ईश्वर