temperature-reaches-33-degrees-wings-started
temperature-reaches-33-degrees-wings-started 
राजस्थान

तापमान 33 डिग्री तक पहुंचा, शुरू हो गए पंखें

Raftaar Desk - P2

जोधपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। सूर्यनगरी में धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ ही दोपहर में सूरज की तेज किरणों से तपिश भी बढऩे लगी है। इससे लोगों के शरीर से गर्म कपड़े गायब हो गए है। सोमवार को जोधपुर शहर में तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। मारवाड़ में ऋतु परिवर्तन के साथ ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। दिन और रात के तापमान में इजाफा होने लगा है। वातावरण की नमी कम हो रही है। इधर मौसम विभाग के अनुसार शहर में अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। शहर में उत्तरी व पूर्वी हवाओं का असर लगातार कम हो रहा है जिसके चलते शहर में ठिठुरन कम हो गई है। यही कारण है कि शहर में अलसुबह व शाम के बाद ही सर्दी का अहसास होता है। दिन निकलने के साथ धूप बढऩे से गर्मी और तपिश भी बढऩे लग रही है।। शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बीस डिग्री का अंतर आ गया है। शहर में अगले कुछ दिन तापमान बढऩे की संभावना है। फलोदी में तो तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके पीछे गर्म प्रदेशों से आने वाली हवाओं के कारण बताया जा रहा है। अभी स्थिति यह है कि दोपहर में गर्मी चुभने लग गई है। लोग छांव की तलाश करने लगे है। गर्मी के कारण लोगों की दिनचर्या, खान-पान बदल गया है। लोगों ने जैकेट, स्वेटर व अन्य गर्म कपड़े उतार कर रख दिए हैं। शाम के बाद ही गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर