राजस्थान में हो रहे खरीद-फरोख्त के तमाशे को रुकवाएं पीएम मोदी : गहलोत
राजस्थान में हो रहे खरीद-फरोख्त के तमाशे को रुकवाएं पीएम मोदी : गहलोत 
राजस्थान

राजस्थान में हो रहे खरीद-फरोख्त के तमाशे को रुकवाएं पीएम मोदी : गहलोत

Raftaar Desk - P2

जैसलमेर/जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी व उनके केन्द्रीय नेतृत्व की ओर से राजस्थान में चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के लिए खेले जा रहे खेल को प्रधानमंत्री को हस्तक्षेप कर तुरंत रुकवाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो प्रदेशवासियों ही नहीं, देशवासियों का लोकतंत्र पर से भरोसा उठ जाएगा। मुख्यमंत्री गहलोत शनिवार दोपहर जैसलमेर के होटल सूर्यगढ़ रिसोर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से चल रहे सियासी घटनाक्रम में राजस्थान की जनता ने हमारी सरकार का पूरा साथ दिया। राजस्थान के हर घर में आज यह चर्चा है कि हमारी चुनी हुई सरकार को गिराने वाली भाजपा कौन होती है। राजस्थान में आज तक कांग्रेस-भाजपा की सरकारें बनती रही है। यहां ऐसी परंपरा रही ही नहीं कि चुनी हुई सरकार को गिराने का षडय़ंत्र करें। मैंने भैरोंसिंह सरकार के समय राज्यपाल से मिलकर ऐसी चीजों के प्रति नाराजगी जताई थी। गहलोत ने कहा कि कर्नाटक व मध्यप्रदेश में चुनी हुई सरकारें गिराने के बाद खून भाजपा के मुंह पर लग चुका है। अब पूरा गृह मंत्रालय इस काम में लगा हुआ है। धर्मेन्द्र प्रधान की तरह कई लोग सरकारें गिराने के खेल में लगे हुए हैं, लेकिन हम किसी की परवाह नहीं करते। हम सिर्फ लोकतंत्र की परवाह करते हैं। हमारी लड़ाई किसी से नहीं है। विचारधारा, नीतियों व कार्यक्रमों की लड़ाई है। एक चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश की जाएं तो कैसे मान सकते हैं कि लोकतंत्र कायम है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी को देश की जनता ने 2 बार मौका दिया। उन्होंने ताली-थाली बजवाई, मोमबत्ती जलवाई, लोगों ने उनकी बात पर भरोसा किया। प्रधानमंत्री को चाहिए कि राजस्थान में हो रहे तमाशे को बंद करवाएं। अब विधानसभा सत्र की तारीख तय होते ही हार्स ट्रेडिंग की रेट बढ़ गई हैं। मीडिया का भी दायित्व है कि वह सच्चाई का साथ दें। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर-hindusthansamachar.in