kataria-called-the-chief-minister-asked---udaipur-is-different
kataria-called-the-chief-minister-asked---udaipur-is-different 
राजस्थान

कटारिया ने लगाया मुख्यमंत्री को फोन, पूछा - उदयपुर सबसे अलग है क्या

Raftaar Desk - P2

उदयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान के अन्य शहरों में 8 बजे से और उदयपुर में 5 बजे से बाजार बंद करने के आदेश पर चेम्बर ऑफ काॅमर्स के विरोध के बाद शनिवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी उदयपुर से सीधे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को फोन लगाया और पूछा कि उदयपुर सबसे अलग है क्या। दरअसल, शहर के व्यापारियों के संगठन चेम्बर ऑफ काॅमर्स का प्रतिनिधिमण्डल शनिवार को कटारिया से मिला और इस भेदभाव को लेकर अपना रोष प्रकट किया। तब कटारिया ने जयपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय में फोन लगाया। वहां मुख्यमंत्री गहलोत के निजी सचिव कुलदीप रांका से उनकी बात हुई। इस दौरान कटारिया ने रांका से कहा कि राज्य के अन्य शहरों से उदयपुर का समय अलग क्यों रखा गया। क्या वे उदयपुर से हैं इसलिए ऐसा भेदभाव किया गया। कटारिया ने कहा कि राजस्थान के सभी जिलों में कोरोना बढ़ रहा है। लेकिन सिर्फ उदयपुर में ही नाइट कर्फ्यू के समय को 6 बजे किया गया है और बाजार 5 बजे बंद किए जा रहे हैं। जबकि प्रदेश के अन्य शहरों में कर्फ्यू रात 9 बजे से है और बाजार 8 बजे बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार द्वारा समय रहते नाइट कर्फ्यू के समय में फिर से परिवर्तन नहीं किया गया तो वे स्वयं सड़क पर बैठकर इसका विरोध करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/ ईश्वर