inauguration-of-sparsh-leprosy-awareness-campaign
inauguration-of-sparsh-leprosy-awareness-campaign 
राजस्थान

स्पर्श कुष्ठ जागरुकता अभियान का हुआ आगाज, रैली निकालकर दिया जागरुकता का संदेश

Raftaar Desk - P2

डूंंगरपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। महात्मा गांधीजी की पुण्यतिथि पर शनिवार को स्पर्श कुष्ठ जागरुकता अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत प्रात: जागरूकता रैली के माध्यम से कुष्ठ रोग को लेकर फैली भ्रांतियों के प्रति आमजन में जागरुकता लाने का प्रयास किया गया। शनिवार प्रातः शहर के गेपसागर की पाल से जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला ने जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। जागरुकता रैली शहर के मुख्य मार्गा से होते हुए पुराना अस्पताल परिसर में समाप्त हुई। जिला कलेक्टर ने जागरुकता रैली को संबोधित करते हुए आमजन से अपील की कि इस रोग की जांच कराएं, कुष्ठ रोगियों को हर प्रकार से सहायता करें, कुष्ठ रोग पूर्णतया ठीक हो जाता है इसका इलाज करवाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. राजेश शर्मा ने बताया कि जिले में यह अभियान 13 फरवरी तक चलाया जाएगा। प्रथम दिन समस्त चिकित्सा संस्थानोंं पर जागरुकता रैली निकालकर इस रोग के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा। साथ ही अभियान के दौरान निचले स्तर तक जागरुकता की गतिविधियां लगातार आयोजित कर आमजन को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. जयेश परमार ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को चमड़ी के रंग के फीकापन लगे, तो उसे नजदीकी अस्पताल जाकर इसकी जांच करवा लेनी चाहिए। सरकारी चिकित्सा संस्थानों पर इसकी जांच व दवाई मुफ्त मिलती है। समय पर इलाज करवाने से यह रोग पूर्णतया ठीक हो जाता है। यदि इसके उपचार में लापरवाही बरती जाए, तो लोगों में अंग विकृति आ सकती है। रैली में विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार / संतोष/संदीप-hindusthansamachar.in