dumper-transporting-illegal-gravel-crushed-bike-riders-dumper-driver-absconding
dumper-transporting-illegal-gravel-crushed-bike-riders-dumper-driver-absconding 
राजस्थान

अवैध बजरी परिवहन कर रहे डम्पर ने बाइक सवारों को कुचला, डम्पर चालक फरार

Raftaar Desk - P2

नागौर, 26 जून (हि.स.)। पादूकलां थाना क्षेत्र में बग्गड़ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 458 पर शुक्रवार रात तेज गति और लापरवाही से अवैध रेत का परिवहन कर रहे डम्पर ने बाइक सवारों को कुचल दिया। सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद डम्पर चालक फरार हो गया। दोनों मृतक नजदीकी गांव जलवाना के ही रहने वाले थे। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में आस-पास के ग्रामीण जमा हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने आधी रात में हाईवे जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। दोनों शव रियांबड़ी मोर्चरी में रखवाए गए हैं। जलवाना निवासी सुखदेव सांगवा (55) व डालूराम मेघवाल (49) हाइवे स्थित कृष्णा होटल की तरफ से अपने गांव की तरफ जा रहे थे कि तेज गति और लापरवाही से अवैध बजरी परिवहन कर रहे डम्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए बुरी तरह से कुचल दिया। अचानक हुए इस हादसे में सुखदेव सांगवा की मौके पर ही मौत हो गई और शव बुरी तरह से क्षत विक्षत होकर सड़क पर मांस के लोथड़े बिखर गए। वहीं डालूराम मेघवाल गंभीर रूप से घायल गया, जिसने थोड़ी देर बाद ही उपचार के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पादूकलां पुलिस भी जाब्ते सहित मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल को उपचार के लिए अजमेर रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने भी अवैध रेत परिवहन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। आखिरकार पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए समझाइश कर जाम खुलवाया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर डम्पर को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर