due-to-misrule-in-rajasthan-anti-incumbency-has-been-created-bjp-will-get-benefit---poonia
due-to-misrule-in-rajasthan-anti-incumbency-has-been-created-bjp-will-get-benefit---poonia 
राजस्थान

राजस्थान में कुशासन के कारण एंटी इनकंबेंसी बन चुकी है, भाजपा को लाभ मिलेगा-पूनिया

Raftaar Desk - P2

भीलवाड़ा, 23 जनवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया शनिवार को भीलवाड़ा जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने सहाड़ा विधानसभा उपचुनाव एवं नगर निकाय चुनाव को लेकर गंगापुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया तथा भीलवाड़ा में सभा को संबोधित किया। उनके साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, राज्यसभा सांसद एवं नगर परिषद चुनाव प्रभारी नारायण पंचारिया, सांसद सुभाष बहेड़िया, जिला प्रभारी दिनेश भट्ट, भीलवाड़ा शहर विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष लादू लाल तेली थे। भीलवाड़ा में पुर, बिलिया, बापूनगर, पीएनटी चौराहा, गोस्वामी सर्कल, कुंभा सर्कल, परशुराम सर्कल, छोटी पुलिया, शिवाजी गार्डन, प्राइवेट बस स्टैंड, सांगानेरी गेट पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत अभिनंदन किया। भाजपा जिला प्रवक्ता कैलाश सोनी ने बताया कि कुंभा सर्कल पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि भीलवाड़ा नगर परिषद एवं भीलवाड़ा जिले की छह नगर पालिका में कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव जोश उत्साह से आम जनता के विश्वास से भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सभी जगह भाजपा का बोर्ड बनायेगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा नगर परिषद में कांग्रेस के पास प्रत्याशी ही नहीं थे, उनको प्रत्याशी भी उधार मांग कर लाने पड़े। प्रदेश में कांग्रेस के 2 साल के शासन में आम जनता बहुत ही परेशान और दुखी है। पूनियां ने कहा कि गहलोत सरकार को लगभग 26 महीने हो चुके हैं। यह सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। किसानों और युवाओं और आमजन से वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि 2018 के घोषणा पत्र में कांग्रेस ने संपूर्ण किसान कर्ज माफी का वादा किया था। लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं किया। राहुल गांधी और अशोक गहलोत ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनसभाओं में कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने के 10 दिन के अंदर संपूर्ण किसान कर्ज माफी, लेकिन प्रदेश के भोले वाले किसान संपूर्ण कर्ज माफी का आज भी इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी विधानसभा चुनाव से साल डेढ़ साल पहले बनती है लेकिन कांग्रेस सरकार के कुशासन से परेशान होकर प्रदेश की जनता आक्रोश में है। सरकार के 2 साल के शासन में ही एंटी इनकंबेंसी का प्रदेश में माहौल बन चुका है। इसका स्पष्ट प्रमाण पिछले दिनों हुए पंचायतीराज चुनाव में प्रदेश की जनता ने देखा। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार प्रदेश की ग्राम पंचायतों के खातों की जगह ब्याज मुक्त पीडी खाते खोल रही है जिससे पंचायत राज्य की प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकारों पर अतिक्रमण किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष लादू लाल तेली ने कहा कि आने वाले नगर निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। भाजपा जनप्रतिनिधि पदाधिकारी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश एवं उत्साह है। इन के दम पर भाजपा सभी जगह बोर्ड बनायेगी। कांग्रेस के 2 साल के शासन में आम जनता के साथ कुठाराघात किया है। हिन्दुस्थान समाचार/मूलचन्द/संदीप-hindusthansamachar.in