congress-protests-across-the-city-against-the-hike-in-petrol-and-diesel-prices
congress-protests-across-the-city-against-the-hike-in-petrol-and-diesel-prices 
राजस्थान

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कांग्रेस का जोधपुर में प्रदर्शन

Raftaar Desk - P2

जोधपुर, 11 जून (हि.स.)। पेट्रोल व डीजल की मूल्यवृद्धि को लेकर जोधपुर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। देश में पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दाम के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में हर पेट्रोल पंप के सामने धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर में 19 पेट्रोल पंपों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कुछ स्थान पर चुनिंदा कार्यकर्ता ही नजर आए वहीं कुछेक स्थान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हो गए। इस कारण सोशल डिस्टेंसिंग की पालना धरी रह गई। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष सईद अंसारी ने बताया कि गत पांच माह में 43 बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम में कमी आने के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा आम आदमी पर बोझ बढ़ाया जा रहा है। तेल के दाम बढऩे से ट्रांसपोर्ट लागत काफी बढ़ गई। ऐसे में सभी वस्तुओं के दाम में तेजी आ गई। कोरोना के कारण आमजन पहले से त्रस्त है। ऊपर से तेल के दाम ने रही सही कसर पूरी कर दी। उन्होंने बताया कि तेल के दाम बढ़ाने के विरोध में आज शहर के 19 पेट्रोल पंपों के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया व विरोध प्रदर्शन कर विरोध जताया। वहीं हाईकोर्ट रोड पर कार्यकर्ताओं ने अपने शर्ट उतार कर केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कटोरा लेकर रास्ते से निकल रहे लोगों से प्रतीकात्मक रूप से भीख भी मांगी। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप