congress-march-against-agricultural-laws
congress-march-against-agricultural-laws 
राजस्थान

कृषि कानूनों के खिलाफ कॉन्ग्रेस की पदयात्रा

Raftaar Desk - P2

जोधपुर, 19 फरवरी (हि.स.)। केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ और आंदोलनरत किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने पदयात्रा शुरू कर दी है। जोधपुर में शुक्रवार को आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा से लोगों को केंद्र के कृषि कानूनों से होने वाले नुकसान के बारे में अवगत करवाया गया। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता डॉ. अजय त्रिवेदी एवं निवर्तमान महासचिव आनंद सिंह चौहान ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से यह पद यात्रा आरम्भ हुई जो नई सडक़ चौराहा पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा तक गई। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष सईद अंसारी के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ही महापौर उत्तर कुंती परिहार, राजस्थान राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, प्रोफेसर अयूब खान सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। वैभव गहलोत ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में पद यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उसी को लेकर आज जोधपुर में पद यात्रा आयोजित की गई। कल देहात कांग्रेस की तरफ से लोहावट में पद यात्रा का आयोजन किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप