जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए लूप सिस्टम का पूर्वाभ्यास आज किया गया। लूप सिस्टम में ट्रैफिक एक तरफा चला। हालांकि इस दौरान अधिकांश वाहन चालकों को नई व्यवस्था समझ में नहीं आई और वे सडक़ के चारों ओर चक्कर लगाते रहे। यह ड्राई रन सुबह नौ बजे शुरू हुआ जो रात नौ बजे तक चलेगा। इससे शहर की हार्टलाइन जालोरी गेट से पावटा सडक़ पर यातायात के दबाव को कम कर यातायात फ्री फ्लो चलाया गया। इस पूर्वाभ्यास के बाद फीडबैक लेकर निर्णय लिया जाएगा। एक दिन के इस प्रयोग में जनता, व्यापारियों और प्रशासन को क्या परेशानी आती है, उस हिसाब से आगे का प्रोजेक्ट बनेगा। दरअसल जोधपुर शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए एक बार फिर योजना बनाई गई है। शहर के यातायात में नई प्रणाली लूपिंग सिस्टम को पुख्ता तौर पर लागू करने और डीपीआर व टैंडर प्रक्रिया में जाने से पहले प्रशासन ने आज इसका एक दिन का ड्राई रन किया। इस पूर्वाभ्यास में जालोरी गेट से सोजती गेट के बीच तीन अलग-अलग लूप से यातायात गुजरा। इसमें एक ही दिशा में वाहन गुजरे। ड्राई रन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर बेरिकेट्स लगाकर क्रॉसिंग को बंद किया गया। बता दे कि राज्य सरकार ने हाल ही बजट में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लूपिंग सिस्टम को लागू करने की घोषणा की है। इससे पहले प्रबुद्धजन के समक्ष मशहूर आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया ने प्रजेंटेशन कर लूप सिस्टम समझाया था। इसे धरातल पर स्थाई रूप से लागू करने से पहले आज एक दिन का ट्रायल रखा गया। इसमें जिला प्रशासन, जेडीए, नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने मिलकर काम किया। इस तरह चला लूपिंग रूट लूपिंग रूट के अन्तर्गत जालोरी गेट सर्किल से राजरणछोड़दासजी का मंदिर, रेल्वे स्टेशन, सांघी पेट्रोल पम्प होते हुए जालोरी गेट तक वाहन निकले। इसके साथ ही राजरणछोड़दासजी का मंदिर, पुरी तिराहा, रेलवे स्टेशन होते हुए राजरणछोड़दासजी का मंदिर तक और रेलवे स्टेशन से राजरणछोड़दासजी का मंदिर तक दो तरफा यातायात चला। इसी कड़ी में सोजती गेट, तकिया चांद शाह, बाईजी का तालाब से शानदार स्वीट होम जालोरी बारी तक दो तरफा यातायात रहा। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर