punjab-bjp-accuses-congress-of-killing-democracy-in-municipal-elections
punjab-bjp-accuses-congress-of-killing-democracy-in-municipal-elections 
पंजाब

पंजाबः नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने लगाया कांग्रेस पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप

Raftaar Desk - P2

चंडीगढ़, 07 फरवरी ( हि.स.)। भाजपा की पंजाब इकाई के महासचिव सुभाष शर्मा ने सूबे में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार पर 14 फरवरी को होने वाले निकाय चुनाव में अपनी हार होती देख विपक्ष के प्रत्याशियों के नामांकन रद्द करवाने के लिए हर हथकंडा अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता में अपना जनाधार खो चुकी है, इसलिए सस्ती राजनीति कर रही है। शर्मा ने आज यहां कहा कि कांग्रेस द्वारा अपनी मौकापरस्त राजनीति का प्रदर्शन करते हुए अजनाला, मोहाली, जीरकपुर, मंडी गोबिंदगढ़ सहित पंजाब के कई जिलों में भाजपा के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र बिना कोई कारण बताए रद्द करा दिए गए हैं। कारण पूछने पर प्रत्याशियों को कोई भी ठीक कारण नहीं बताया जा रहा। इससे साफ जाहिर है की जिला प्रशासन भी कांग्रेस की दादागिरी के आगे बेबस है। कांग्रेसी सरेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब में 600 से अधिक भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जबरन रद्द करवाए गए हैं। जनता सब देख रही और इसका हिसाब जनता खुद कांग्रेस को अपने वोट के रूप में देगी। प्रदेश भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस किसानों की आड़ लेकर प्रदेश को 1984 के भयानक काले दौर में धकेलने पर तुली हुई है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के शासन में त्राहि-त्राहि कर रही है। कैप्टन तथा उनके कांग्रेसी नेता लोकतंत्र की हत्या कर कानून की सरेआम धज्जियाँ उड़ा रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बन कर तमाशा देखती रहती है। किसानों के नाम पर कांग्रेस समर्थित तत्व भाजपा अध्यक्ष, भाजपा नेताओं, भाजपा कार्यालयों में जबरन घुस कर गुंडागर्दी का नंगा नाच कर रहे हैं और पुलिस को नाम बताये जाने के बाद भी पुलिस उनके विरुद्ध महज खानापूरी कर रही है। इससे साफ़ जाहिर होता है कि पुलिस कांग्रेसी नेताओं की गुलाम बन चुकी है। ऐसे में पुलिस से इन्साफ की उम्मीद करना भी बेकार है। हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र जग्गा-hindusthansamachar.in