केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत  
पंजाब

भाजपा केंद्रीय मंत्री का मान सरकार पर हमला, बोले- पंजाब सरकार कानून व्यवस्था के सभी मोर्चे पर विफल

चंडीगढ़, एजेंसी। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पंजाब की भगवंत मान सरकार को कानून-व्यवस्था के सभी मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगया है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब का माहौल पूरी तरह से बिगड़ चुका है। केंद्रीय मंत्री एवं पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी शेखावत शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान जालंधर के पूर्व डीसीपी राजिंद्र सिंह ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के अधिवक्ता संतोख विंदर सिंह नाभा समेत कई बुद्धिजीवी भी भाजपा में शामिल हुए।

शेखावत ने कहा कि पंजाब में ड्रग और गन कल्चर समेत फिरौती के मामले चरम पर है

शेखावत ने राज्य की भगवंत मान सरकार को गैर जिम्मेदार और अनुभवहीन बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य है। कुछ लोग पंजाब में आतंक का बुरा दौर दोबारा लाने के लिए प्रयासरत हैं। पंजाब में ड्रग और गन कल्चर समेत फिरौती के मामले चरम पर हैं। पंजाब सरकार कानून व्यवस्था के सभी मोर्चे पर विफल साबित हुई है। शेखावत ने कहा कि भाजपा जालंधर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मजबूती से हिस्सा लेगी। इसके लिए पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा और उत्तर-पश्चिम दिल्ली सीट के सांसद हंसराज हंस समेत कई नेता मौजूद रहे।