मिजोरम

Mizoram Assembly Election: मिजोरम की समृद्धि और उन्नति के लिए कांग्रेस की जीत जरूरी : सोनिया गांधी

नई दिल्ली, (हि.स.)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि मिजोरम की समृद्धि, उन्नति और शांति के लिए वहां कांग्रेस की सरकार बननी जरूरी है। ऐसे में वह राज्य की जनता से आह्वान करती हैं विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी मतों से विजयी बनाएं।

मिजोरम उनके दिल के करीब- सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने बुधवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि मिजोरम उनके दिल के करीब है। वह कई बार राज्य की यात्राएं कर चुकी हैं। वहां के रीति-रिवाज और संस्कृति बहुत खूबसूरत है। उनकी जरूरतों और भावनाओं को कांग्रेस समझती है। इसलिए राज्य की जनता से वह अनुरोध करती हैं कि वह कांग्रेस के साथ खड़ी हो।

सोनिया गांधी ने राज्य की जनता से की अपील

सोनिया ने राज्य की जनता से अपील किया कि यह समय प्रयोग का नहीं है। भाजपा शासनकाल में लोकतंत्र खतरे में है। यह सरकार डेमोक्रेसी और डायलॉग पर भरोसा नहीं करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास राज्य के विकास का विजन है। हम जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। कांग्रेस ने जो वादे कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में किए उसे पूरा करके दिखाया है। ऐसे में मिजोरम के विकास के लिए कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है।

उल्लेखनीय है कि मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए 07 नवंबर को मतदान होना है। नतीजे 03 दिसंबर को आएंगे।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in