छठव्रतियों के साथ वर्ली में हुए अत्याचार पर बिफरी भाजपा
छठव्रतियों के साथ वर्ली में हुए अत्याचार पर बिफरी भाजपा  
महाराष्ट्र

छठव्रतियों के साथ वर्ली में हुए अत्याचार पर बिफरी भाजपा

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 20 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने मुंबई के वर्ली में छठव्रतियों के साथ हुए पुलिसिया दुर्व्यवहार की तीव्र भर्त्सना की है। दरअसल भाजपा का आरोप है कि महापर्व छठ पूजा पर सूर्यास्त को अर्घ्य देने पहुंचे छठव्रतियों को पुलिस ने कॄत्रिम जलाशय से जबरन बाहर निकाल दिया। मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र के अनुसार वर्ली के जम्भुरी मैदान में इंसानियत फाऊंडेशन द्वारा छठ पूजा के लिए कॄत्रिम जलाशय बनाए गए थे। वहां छठ व्रतियों को पुलिस ने जबरन भगा दिया। यहां याद दिला दें कि यह निर्वाचन क्षेत्र पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे का है। इस बीच आरोप यह भी लग रहे हैं कि कृत्रिम तालाबों में पूजा कराने के लिए कई संगठनों ने छठ व्रतियों से 500-500 रुपए लिए हैं। मिश्र के मुताबिक मुंबई मनपा के दिशा-निर्देश अनुसार आयोजन किया जा सकता है।तब वर्ली में विधायक व पर्यटन मंत्री के इशारे पर बिहारी समाज से दुर्व्यवहार क्यों किया गया। मिश्र ने डीसीपी परमवीर सिंह दहिया से बात की तब जाकर मामला शांत हुआ और छठव्रतियों को सुबह का अर्घ्य देने के लिए पुलिस ने अनुमति दी है। मिश्र ने कहा कि 48 घंटे का उपवास करने वाले छठव्रतियों के साथ आखिर आतंकवादियों सा व्यवहार क्यों किया गया।जबकि भाजपा के कार्यकर्ता कोरोना के नियमों का पालन करते हुए कृत्रिम तालाब में सिर्फ 9 छठव्रतियों को जाने की अनुमति दी थी।भाजपा नेता ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस यह जुर्म क्यों कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार / विनय/ राजबहादुर-hindusthansamachar.in