महाराष्ट्र

अजित पवार के बिना आधी रात को सीएम शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस के बीच गोपनीय बैठक से गरमाई चर्चा

मुंबई, हि.स.। Maharashtra Political Crisis: महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उठापटक के बीच पिछले दो दिनों से आधी रात को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई गोपनीय बैठक से सियासी चर्चा का माहौल गरमा गया है। इन बैठकों की अधिकृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है लेकिन बताया जा रहा है कि एनसीपी नेता अजित पवार और उनके समर्थकों के सत्ता में शामिल होने के बाद विभिन्न पहलुओं पर दोनों नेताओं की बीच चर्चा की गई है। इन दोनों बैठकों में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार उपस्थित नहीं थे।

वर्षा बंगले में मिले देवेंद्र और शिंदे

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रात 11.15 बजे देवेंद्र फड़णवीस मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने वर्षा बंगले में गए थे। इसके बाद इन दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बैठक हुई। इसके बाद रात 1.15 बजे देवेंद्र फड़णवीस वर्षा बंगले से बाहर निकले। इसी तरह की गोपनीय बैठक इन दोनों नेताओं के बीच गुरुवार रात को भी हुई थी। अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कहा था कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में 90 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले हैं। साथ ही अजीत पवार को वित्त और नियोजन विभाग दिए जाने, अन्य मंत्रियों के विभाग पर बैठक में चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

अजीत पवार के आने से शिंदे गुट नाराजगी

दरअसल, अजीत पवार के सत्ता में शामिल होने के बाद शिंदे समूह के विधायकों में नाराजगी फैल गई थी। शिंदे समूह अजीत पवार को वित्त विभाग दिए जाने का विरोध कर रहा है। साथ ही शिंदे समूह के कई विधायक मंत्री पद न मिलने से भी नाराज हैं। बताया जा रहा है कि इन दोनों नेताओं के बीच इन सभी विषयों पर चर्चा हुई होगी, इसकी जानकारी बहुत जल्द सार्वजनिक की जाएगी।