uddhav-thackeray-government-misusing-power-chandrakant-patil
uddhav-thackeray-government-misusing-power-chandrakant-patil 
महाराष्ट्र

सत्ता का दुरुपयोग कर रही उद्धव ठाकरे सरकार : चंद्रकांत पाटिल

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 20 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र में आसीन उद्धव ठाकरे सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। इससे आम नागरिकों को तरह- तरह की समस्यायों का सामना करना पड़ रहा है। चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को पुणे में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कांग्रेस पार्टी राज्य की सत्ता में शामिल है। इसके बाद भी कांग्रेस पार्टी ने फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन व अक्षय कुमार की फिल्मों की शूटिंग रोकने की धमकी दी है। साथ ही गानसाम्राज्ञी लता मंगेशकर व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर पर भी मामला दर्ज करने की धमकी दे रही है। इससे देश के महान काम करने वालों के मन में सरकार के प्रति दहशत फैलती जा रही है। पाटिल ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में देशद्रोही गतिविधियों में लिप्त लोगों को पूरी छूट मिली हुई है। देश के विरुद्ध बोलने वालों पर सरकार के इशारे पर पुलिस कोई भी कार्रवाई नहीं कर रही है। पाटिल ने बताया कि सरकार को पता है कि विपक्ष इस तरह सवाल बजट सत्र में उठाने वाला है। इसी वजह से राज्य सरकार बजट सत्र पूरे एक महीने तक चलाने से कतरा रही है। राज्य सरकार कोरोना के नाम पर बजट सत्र से पलायन करने की भूमिका बना रही है, जबकि सत्ता में शामिल लोग विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता हर तरह की समस्या से जूझ रही है। महाविकास आघाड़ी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इस मौके पर भाजपा सांसद उदयन राजे भोसले उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर