handa-front-at-vvmc-headquarters-regarding-water-problem
handa-front-at-vvmc-headquarters-regarding-water-problem 
महाराष्ट्र

पानी की समस्या को लेकर वीवीएमसी मुख्यालय पर हंडा मोर्चा

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 17 फरवरी, (हि. स.)। पालघर जिले के वसई विरार शहर मनपा (वीवीएमसी) के कई इलाकों में फरवरी महीने में ही पानी की कटौती शुरू हो गई है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर बुधवार को प्रहार जन शक्ति पक्ष के नेतृत्व में मनपा मुख्यालय पर हंडा मोर्चा निकाला गया। मोर्चे में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। महिलाओं ने मनपा अधिकारियों को इसका जिम्मेदार ठहरा कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस की ओर से कड़ा बंदोबस्त किया गया था। जानकारी के अनुसार वसई विरार में पानी की समस्या बरकार है। पहले अप्रैल - मई में पानी समस्या होती थी। लेकिन अब फरवरी महीने में ही पानी की किल्लत सताने लगी है। इन दिनों वसई विरार के कई क्षेत्रों में पीने का पानी बहुत कम आ रहा है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी के वजह से लोगों को बाहर से मिनरल वाटर खरीदना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि तरह तरह का टैक्स वसूलने के बाद भी मनपा पानी कम दे रहा है। इस समस्या को लेकर बुधवार सुबह 11 बजे प्रहार जनशक्ति संगठन के अध्यक्ष हितेश जाधव के नेतृत्व में मनपा मुख्यालय पर हंडा मोर्चा निकाला गया। मोर्चे में लगभग चार सौ से अधिक लोग मौजूद थे। जिसमे महिलाओं की संख्या अधिक थी। महिलाओं ने मनपा अधिकारियों पर भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। हितेश जाधव ने बताया कि मनपा के कर्मचारी सत्तापक्ष के दबाव में काम करते हैं। बविआ के नगरसेवकों के कहने पर पानी छोड़ा जाता है। जाधव ने बताया कि पानी छोडऩे वाले कर्मचारी नगरसेवकों के कहने पर कहीं ज्यादा तो कहीं कम पानी छोड़ते हैं। कई सोसायटियों में 24 घंटे पानी दिया जा रहा है तो कुछ जगहों पर सिर्फ 2 घन्टे ही पानी छोड़ा जा रहा है। जाधव ने कहा कि टैक्स तो सबसे बराबर लिया जा रहा है। इस तरह की हेराफेरी क्यों। इस तरह अलग अलग नौ मुद्दों को लेकर यह आंदोलन किया गया। जिसके बाद अतिरिक्त आयुक्त आशीष पाटील को ज्ञापन देकर इस समस्या के समाधान की मांग की। आशीष पाटील ने कहा कि जल्द से जल्द समस्या का हल निकाला जाएगा। इस अवसर पर राहुल यशवंत पवार, कमलेश सिंह, सुप्रिया विरकर, रेखा धुरी, सुहाना अन्सारी, समाजसेवक विशाल पांडे मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप-hindusthansamachar.in