अपराधी विकास दुबे के मौत की हो निष्पक्ष जांच: अबू आज़मी
अपराधी विकास दुबे के मौत की हो निष्पक्ष जांच: अबू आज़मी 
महाराष्ट्र

अपराधी विकास दुबे के मौत की हो निष्पक्ष जांच: अबू आज़मी

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 10 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने कुख्यात अपराधी विकास दुबे के एनकाउंटर पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। आज़मी ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक हितेश अवस्थी को पत्र लिखा है। आज़मी ने यूपी के पुलिस महानिदेशक को लिखे पत्र में विकास दुबे के संपर्क में रहे नेताओं की जांच कराने की मांग की है। साथ ही मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, जो चुनाव के वक्त कानपुर के भाजपा प्रभारी थे, उनका भी विकास दुबे के साथ संबंध होने की आशंका जताते हुए मिश्रा की भी जांच कराने की मांग आज़मी ने की है। आज़मी ने पत्र में लिखा है कि आठ पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्या करने के बाद फरार आतंकवादी विकास दुबे गुरुवार को उज्जैन में महाकाल मंदिर में पकड़ा गया। शुक्रवार की सुबह उसके एनकाउंटर में मौत की जानकारी मिली। अबू आजमी ने इस एनकाउंटर पर सवाल खड़े करते हुए इसे फर्जी और स्क्रिप्टेड एनकाउंटर बताया है। उन्होंने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कर विकास दुबे को साथ देनेवाले सभी साथियों की पर कार्रवाई करने की मांग की है। अबू आजमी के अनुसार वारदात में जो पुलिसवाले शहीद हुए उसका हमें बेहद अफ़सोस है। ऐसा जघन्य अपराध करनेवाले अपराधियों को ज़िंदा नहीं रखना चाहिए। हालांकि जिस तरह आतंकवादी विकास दुबे पकड़ा गया और उसकी एनकाउंटर में हत्या हुई, वह संदेह के घेरे में आती हैं। अबू आज़मी के अनुसार मुंबई हमले में पाकिस्तानी आतंकवादी कसाब ने पुलिसवालों पर गोलियां बरसाकर उन्हें शहीद किया। पुलिस ने कसाब को जिन्दा पकड़ा। उसकी जांच में बहुत सी बातें खुलकर सामने आई और उसे कानून के हिसाब से मौत की सजा दी गई। अगर इसीतरह विकास दुबे को पकड़कर उसकी जांच की जाती तो उसका साथ देनेवाले लोगों के नाम सामने आते। हिन्दुस्थान समाचार/ विनय/ राजबहादुर-hindusthansamachar.in