लॉकडाउन फिर से सख्त करने की खबर अफवाह: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे
लॉकडाउन फिर से सख्त करने की खबर अफवाह: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 
महाराष्ट्र

लॉकडाउन फिर से सख्त करने की खबर अफवाह: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 12 जून (हि. स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कुछ सोशल मीडिया पर चल रहे उन संदेशों को गलत और अफवाह बताया है, जिसमें लॉकडाउन को फिर से सख्त करने की बात कही जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया और चैनलों में ऐसी खबरें आई हैं कि महाराष्ट्र में एक बार फिर लॉकडाउन लगाकर सभी दुकानों को बंद कर दिया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार द्वारा ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इस तरह की खबरें लोगों में भ्रम पैदा करती हैं, इसलिए ऐसी खबरों को बिना सत्यापन के प्रसारित नहीं किया जाना चाहिए। ऐसी खबरों और पोस्टों को फैलाना अपराध है। इससे लोगों में भ्रांतियां और अफवाहें फैलती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राज्य में आर्थिक चक्र को तेज कर रहे हैं। व्यवसाय को धीरे-धीरे शुरू कर रहे हैं। लेकिन लॉकडाउन उठाने का मतलब यह नहीं है कि बहुत भीड़ करनी है और सुरक्षित नियमों व स्वच्छता नियमों का पालन नहीं करना है। यह बात सही नहीं है। फेस मास्क पहनना, साबुन से हाथ धोना, कीटाणुनाशक से हाथ साफ करना और सामाजिक दूरी को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है। इसकी आदत डालना मुश्किल होगा, लेकिन जीवन में इस तरीके को स्वयं और अपने करीबी लोगों के स्वास्थ्य के लिए अपनाना ही होगा। हमें आत्म अनुशासन का पालन करना ही होगा। हिन्दुस्थान समाचार/ विनय/ राजबहादुर-hindusthansamachar.in