BJP और शिवसेना मिलकर लड़ेगी चुनाव, राउत का तंज
BJP और शिवसेना मिलकर लड़ेगी चुनाव, राउत का तंज 
महाराष्ट्र

BJP-शिवसेना के साथ चुनाव लड़ने पर राउत का तंज,कहा-"बाला साहेब का नाम लेते हैं लेकिन दिल्ली में करते हैं मुजरा"

नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे समूह) भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर सभी चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि आगामी लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम के चुनाव में दोनों दल साथ चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में कैबिनेट का विस्तार 20 जून तक हो जाएगा। सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस के दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पर संजय राउत ने तंज किया है।

भाजपा और शिवसेना मिलकर लड़ेगी चुनाव

दरअसल, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार रात को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने अमित शाह से राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। इसके बाद सोमवार को मुंबई में मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि दोनों पार्टी आगामी सभी चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगी। मुंबई में भाजपा-शिवसेना के साथ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ भी गठबंधन का प्रयास किया जा रहा है। रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले पहले से ही भाजपा-शिवसेना के साथ हैं। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि 20 जून तक राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए भाजपा और शिवसेना के बीच बातचीत हो चुकी है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कैबिनेट के विस्तार का सर्वाधिकार मुख्यमंत्री के पास है। उनकी मर्जी के अनुसार ही बहुत जल्द कैबिनेट का विस्तार हो जाएगा।

शिवसेना की बात करते हैं लेकिन दिल्ली में करते हैं 'मुजरा'

सांसद संजय राउत ने सीएम शिंदे और फडणवीस के दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पर कहा कि पहले महाराष्ट्र में आलाकमान मुंबई में था लेकिन अब शिंदे का आलाकमान दिल्ली में है। वे बाला साहेब का नाम लेते हैं और शिवसेना की बात करते हैं लेकिन दिल्ली में 'मुजरा' करते हैं। असली शिवसेना दिल्ली में कभी किसी के आगे नहीं झुकी, हमने दिल्ली की कभी गुलामी नहीं की। अगर आपको अपने कैबिनेट का विस्तार करना है तो यहां बैठकर करो। एक साल हो गया लेकिन कैबिनेट विस्तार नहीं हुआ, इससे ये पता चलता है कि यह सरकार जा रही है।