तीन दिन में 10 डिग्री नीचे उतरा अधिकतम पारा
तीन दिन में 10 डिग्री नीचे उतरा अधिकतम पारा 
मध्य-प्रदेश

तीन दिन में 10 डिग्री नीचे उतरा अधिकतम पारा

Raftaar Desk - P2

- आज साफ हो जाएगा मौसम, कल से गिरेगा न्यूनतम पारा, बढ़ेगी सर्दी ग्वालियर, 13 दिसम्बर (हि.स.)। आसमान पर बादलों का कब्जा होने से सूरज को चमकने का मौका नहीं मिल रहा है। इसके चलते पिछले तीन दिन में अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार की तुलना में रविवार को भी अधिकतम तपमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले दिनों की अपेक्षा आज सर्दी का असर ज्यादा रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को मौसम लगभग साफ हो जाएगा और मंगलवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होगा, जिससे सर्दी अपने चरम की ओर बढ़ेगी। यहां बता दें कि ग्वालियर में बीते शुक्रवार को बादलों ने दस्तक दी थी। इसके बाद से ही आसमान पर बादलों का कब्जा है। रविवार को भी घने बादल छाए रहे, जिससे दिन में धूप नहीं निकली और सर्दी का असर बना रहा। भोपाल के सेवानिवृत्त मुख्य मौसम विज्ञानी डी.पी. दुबे ने बताया कि उड़ीसा में प्रति चक्रवात और अरब सागर में बने डिप्रेशन का प्रभाव अगले 24 घंटे में समाप्त हो जाएगा। इधर पाकिस्तान और पंजाब के मध्य में बना पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़कर जम्मू-कश्मीर में शिफ्ट हो गया है। इसके चलते सोमवार को मौसम लगभग शुष्क हो जाएगा। इसके बाद उत्तर से सर्द हवाएं आना शुरू हो जाएंगी, जिससे अब दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि और न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी और सर्दी का असर बढ़ेगा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दिन की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 21.8 डिग्री सेल्सियस पर ही ठहर गया, जो औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 7.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 87 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 74 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 22 प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद शर्मा/राजू-hindusthansamachar.in