आज पेंच से कान्हा नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी महिला बाइक राइडर्स
आज पेंच से कान्हा नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी महिला बाइक राइडर्स 
मध्य-प्रदेश

आज पेंच से कान्हा नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी महिला बाइक राइडर्स

Raftaar Desk - P2

भोपाल, 21 नवम्बर (हि.स.)। एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही टाइग्रेस ऑन द ट्रेल में शामिल महिला बाइकर्स शुक्रवार रात को पेंच टाइगर रिजर्व पहुंची। महिला बाइकर्स का यह दल पेंच टाइगर रिजर्व में भ्रमण के बाद आज कान्हा नेशनल पार्क के लिए रवाना होगा। महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन का संदेश लेकर 15 सौ किमी की यात्रा पर निकली महिलाओं की बाइक रैली 'टाइग्रेस ऑन द ट्रेल' शुक्रवार देर रात सिवनी जिले में स्थित पेंच टाइगर रिजर्व पहुंची। बाइकर्स के इस ग्रुप में मध्यप्रदेश सहित देशभर की अनुभवी गर्ल्स राइडर शामिल हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित प्रथम महिला बाइकिंग ट्रेल को गुरुवार को पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने सैर-सपाटा से रवाना किया था। महिला बाइकर्स भोपाल से निकलकर जब ग्रामीण अंचल में पहुंची तो वहां की महिलाएं उन्हें देखकर खासी उत्साहित हुईं। शुक्रवार को रैली दिन में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई पहुंची, जहां मप्र पर्यटन की इकाई बायसन रिसोर्ट में टीम का स्वागत किया गया। यहां सभी ने बोट राइड का मजा भी लिया। मढ़ई (जिला होशंगाबाद) से रैली छिंदवाड़ा के बाद तामिया और तामिया से पेंच नेशनल पार्क (सिवनी) पहुंची,जहां रात्रि विश्राम था। शनिवार को महिलाएं पेंच से कान्हा नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी। यह रैली 25 नवंबर को वापस भोपाल पहुंचेगी। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे/राजूू-hindusthansamachar.in