अपडेट: अयोध्या पहुंचे मप्र विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, सरयू में किया पूजन
अपडेट: अयोध्या पहुंचे मप्र विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, सरयू में किया पूजन 
मध्य-प्रदेश

अपडेट: अयोध्या पहुंचे मप्र विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, सरयू में किया पूजन

Raftaar Desk - P2

भोपाल, 06 दिसम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) रामेश्वर शर्मा इन दिनों उत्तरप्रदेश के चार दिवसीय प्रवास पर हैं। रविवार को उन्होंने सबसे पहले भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या पहुंचकर सरयू नदी में पूजन किया। इसके बाद हनुमान गढ़ी में हनुमान लला के दर्शन किये। मप्र विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर शनिवार को सडक़ मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। वे रविवार सुबह लखनऊ से अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले सरयू नदी में विधि-विधान से पूजा-पाठ किया। इसके बाद वे हनुमान गढ़ी पहुंचे और हनुमान लला के दर्शन किये। इसके उपरांत प्रोटेम स्पीकर शर्मा भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए राम जन्मभूमि स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यशाला स्थल का अवलोकन तथा जन्मभूमि स्थल पर बन रहे विशाल मंदिर स्थल का दर्शन किया। तत्पश्चात सर्किट हाउस पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। बता दें कि सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा रविवार को भगवान रामलला के दर्शन उपरांत लखनऊ में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद सोमवार, 07 दिसम्बर को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा विधान सभा अध्यक्ष एवं विधान परिषद के सभापति के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से सौजन्य भेंट करेंगे और अगले दिन 08 दिसम्बर को लखनऊ से भोपाल के रवाना होंगे। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश-hindusthansamachar.in